गया : बिहार के गया जिले के रोशनगंज थाना क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाले 35 से अधिक बच्चे बेर समझ कर जेट्रेफा फल खा गये, जिससे वे बच्चे बीमार हो गये. घटना के बाद आनन-फानन में सभी बच्चों को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी स्थिति अब बेहतर बतायी जा रही है. तबीयत में सुधार होने के बाद ज्यादातर बच्चों को छुट्टी दे दी गयी है. बाकी को शनिवार को छुट्टी दे दी जायेगी.
पुलिस से मिली सूचना के अनुसार, बालास्रोत मध्य विद्यालय में पढ़ने वाले 35 से 40 बच्चे लंच टाइम के समय विद्यालय के पास जेट्रोफा फल को बेर समझकर खा गये. जट्रोफा खाने के बाद बच्चे पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत करने लगे. इस दौरान कई बच्चे बेहोश भी हो गये.
रोशनगंज के थाना प्रभारी अमरदीप कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में सभी पीड़ित बच्चों को शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया और सभी को भर्ती कराया गया. उन्होंने बताया कि सभी बच्चों की स्थिति में लगातार सुधार है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.
वहीं, अस्पताल के चिकित्सा उपाधीक्षक डॉ मो शहाबुद्दीन ने बताया कि बीमार बच्चों की स्थिति अब सामान्य हो रही है. शनिवार को अधिकांश पीड़ित बच्चों की सामान्य स्थिति को देखते हुए अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है. बाकी के बच्चों को भी तबीयत में सुधार होने के साथ ही छुट्टी दे दी जायेगी.
