बैठक में पीएचइडी मंत्री सह गया के प्रभारी मंत्री भी हुए शामिल
बोधगया : गध विश्वविद्यालय में गुरुवार को सिंडिकेट की बैठक हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि एमयू कैंपस में दो छात्रावासों का निर्माण कराया जाये. इसमें राज्य सरकार द्वारा दिये जानेवाले सहयोग से अल्पसंख्यक छात्रावास बनाने जाने की भी बात है.
साथ ही, एमयू कैंपस में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर भी सिंडिकेट सदस्यों ने सहमति व्यक्त की है. हालांकि, मेडिकल काॅलेज की स्थापना किये जाने को लेकर अंतिम सहमति अभी बाकी है और काॅलेज स्थापना के विस्तृत स्वरूप सिंडिकेट की अगली बैठक में रखी जायेगी. दरअसल, गुजरात के भंसाली ट्रस्ट द्वारा एमयू प्रशासन को एक प्रस्ताव दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि एमयू परिसर में अगर जमीन उपलब्ध करा दी जाये, तो ट्रस्ट द्वारा यहां एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा सकती है.
एमयू के पीआरओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सिंडिकेट की बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कार्य सूची पर चर्चा की और लगभग सभी तरह के प्रस्तावों को अनुमोदन किया गया. इसमें विभिन्न समितियों के कार्यवृत्त को संपुष्ट करने, छात्रावासों के निर्माण कराने व परीक्षा शाखा से जुड़े कार्यों के लिए संशोधित दर का अनुमोदन करना शामिल था. कुलपति प्रो एम इश्तियाक की अध्यक्षता में हुई बैठक में सूबे के पीएचइडी सह जिले के प्रभारी मंत्री कृष्णदेव प्रसाद वर्मा, प्रतिकुलपति प्रो कृतेश्वर प्रसाद, कुलसचिव डॉ सीताराम सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल हुए.
