सरकार पर गलत नीति अपनाने का आरोप
गया : शुक्रवार को बैंकों की हड़ताल के मद्देनजर पंजाब नेशनल बैंक की चंदौती शाखा में आॅल इंडिया बैंक आॅफिसर्स एसोसिएशन की बैठक हुई. इसमें प्रबंधन पर गलत कदमों का आरोप लगाया गया. सरकार की मजदूर विरोधी गतिविधियों पर चर्चा हुई. सभा को संबोधित करते हुए संगठन के सचिव संजय कुमार ने कहा कि यह लड़ाई आैर आगे तक जा सकती है. उन्होंने कहा कि सभी साथी बेमियादी हड़ताल करने को तैयार रहें. उन्होंने कहा कि पहले की सरकार ने बेहतर काम करते हुए बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया. सरकार की गलत नीतियों की वजह से बैंकों को नुकसान हो रहा है.
वोट और कुरसी पाने के लिए सरकार में बैठे लोगों ने ही बैंकों पर दबाव बना कर कई लोगों को बड़े लोन दिलवाये, आज वे पैसे डूब रहे हैं. सभा को संगठन के उपसचिव मंटू शर्मा, अरविंद कुमार, गणेश कुमार, अंजन अजय व अन्य ने भी संबोधित किया. इधर, भारतीय स्टेट बैंक एसोसिएशन के भी सदस्य भी हड़ताल के समर्थन में रहे. संगठन के अध्यक्ष दीपक कुमार आनंद व संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में एसबीआइ के कर्मचारियों ने भी सभा कर केंद्र सरकार की नीतियों को गलत ठहराया. बैंककर्मियों ने एक दिन की सांकेतिक हड़ताल के बाद ही केंद्र सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती है, तो सभी बैंकों के कर्मचारी आगे आंदोलन तेज करेंगे. बैंकों के हो रहे निजीकरण और विलय के विरोध में एपी काॅलोनी पंजाब नेशनल बैंक के मंडल कार्यालय के सामने भी बैंक कर्मियों ने धरना दिया . यहां सुधांशु शेखर,संतोष कुमार,आनंद मिश्र,अमित कुमार,सुनील कुमार झा,अंजनी सिंह समेत कई अन्य कर्मचारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया.
