इंडियन काउंसिल आॅफ मेडिकल रिसर्च व राजेंद्र मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट में खुलासा
अब तक 17 बच्चों की हो चुकी है मौत
एक्सपर्ट्स नये वायरस पर कर रहे रिसर्च
गया : इंडियन काउंसिल आॅफ मेडिकल रिसर्च (नयी दिल्ली) व राजेंद्र मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट (पटना) ने जिले में अज्ञात बीमारी से जुड़ी अपनी दूसरी रिपोर्ट जारी की है. इसमें दो बच्चों में जापानी इनसेफ्लाइटिस व चार में चांदीपुरा नाम वायरस की पुष्टि हुई है.
रिपोर्ट के मुताबिक, बाराचट्टी के प्रेमन मांझी की बेटी सुहाना कुमारी व चंदौती के संजय प्रसाद की बेटी मुस्कान कुमारी में जापानी इनसेफ्लाइटिस की पुष्टि हुई है. सुहाना कुमारी की सेहत में सुधार के बाद उसे पांच जुलाई को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी, जबकि मुस्कान की मौत 24 जून को इलाज के दौरान हो गयी थी. दूसरी रिपोर्ट में चार बच्चों में चांदीपुरा वायरस पाया गया है.
इनमें टिकारी-मकपा के बालकेश्वर मांझी का बेटा अनुज कुमार, गुरारू असनी नंदू दास का बेटा गौरव कुमार, इमामगंज के शंकर भुइंया की बेटी रिंकी कुमारी, नीमचक बथानी के दिलीप चौधरी की बेटी लाखो कुमारी हैं. इनमें अनुज की मौत पांच जुलाई व रिंकी कुमारी की मौत नौ जुलाई को हो गयी थी. गौरव का इलाज चल रहा है, जबकि लाखो को उसके परिजन इलाज के ही दौरान ले कर चले गये. इससे पहले तीन बच्चों में हरपिस सिंप्लेक्स वायरस होने की पुष्टि हुई थी.
चांदीपुरा वायरस की जांच शुरू
चांदीपुरा वायरस के लक्षण मिलने के बाद अब विशेषज्ञ इस वायरस के गया में होने की संभावना पर जांच कर रहे हैं. महाराष्ट्र के चांदीपुरा गांव की उपज यह वायरस गया तक कैसे पहुंचा, अब इसकी खोज में विशेषज्ञ लगे हैं. जिन गांव के बच्चों में यह वायरस मिला है, विशेषज्ञों की टीम अब उस गांव की जांच में लगी हैं. वहां इस वायरस के होने की संभावनाओं की तलाश हो रही है.
