बोधगया: बोधगया में सुरक्षा के मद्देनजर 50 सीसीटीवी कैमरे लगाने पर शुक्रवार को बोधगया नगर पंचायत कार्यालय की स्टैंडिंग कमेटी ने मुहर लगा दी. इसके अलावा बोधगया में सफाई कार्य को और सुदृढ़ बनाने के लिए एक हाइवा खरीदने का भी निर्णय लिया गया.
बोधगया नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में पूर्व की बैठक में लिये गये निर्णयों की संपुष्टि की गयी. इसमें 20 मई से शुरू होनेवाले बुद्ध पूर्णिमा समारोह को लेकर बोधगया में साफ-सफाई, पेयजल व स्ट्रीट लाइटों को सुदृढ़ करने का भी निर्णय लिया गया.
उन्होंने बताया कि बोधगया के भागलपुर व न्यूताराडीह सहित आसपास के इलाकों में, जहां महादलित परिवार रहते हैं, पानी की किल्लत को देखते हुए चापाकल लगाने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा बांग्लादेश मोनास्टरी से थाई मंदिर होते हुए नोड वन तक पेवर्स ब्लॉक लगाने के लिए प्राक्कलन बना कर नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजने पर भी सहमति बनी. इधर, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह ने बताया कि बोधगया के विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया. सुपर मार्केट में दुकान बनानें सहित अन्य मुद्दों पर ठोस निर्णय लिया गया. स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में उपाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह, सदस्य जय सिंह, रामसेवक सिंह व अनीता कुमारी भी उपस्थित थी.
