सरेंडर नहीं करने की स्थिति में मंगलवार को पुलिस कोर्ट से आदेश लेकर उसके घर की कुर्की-जब्ती प्रक्रिया शुरू करेगी. जानकारी के मुताबिक, बिंदी यादव पर धारा 341, 307, 323, 34, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. इधर, घटना के वक्त पाइप व्यवसायी श्यामसुंदर सचदेवा के बेटे आदित्य सचदेवा के साथ रहे उसके चार दोस्त मोहम्मद नासिर, मोहम्मद कैफी, अंकित कुमार व आयुष अग्रवाल प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राकेश कुमार सिंह की अदालत में पेश हुए. सभी का 164 के तहत बयान दर्ज किया गया.
बिंदी यादव व बॉडीगार्ड न्यायिक हिरासत में
गया : व्यवसायी पुत्र हत्याकांड में मुख्य आरोपित रॉकी यादव के पिता बिंदी यादव (पूर्व जिला पार्षद) को कोर्ट ने सोमवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. एसीजेएम संजय कुमार झा की अदालत में बिंदी यादव और हत्या के दौरान राॅकी के साथ रहे विधान पार्षद मनोरमा देवी (रॉकी की मां) के […]

गया : व्यवसायी पुत्र हत्याकांड में मुख्य आरोपित रॉकी यादव के पिता बिंदी यादव (पूर्व जिला पार्षद) को कोर्ट ने सोमवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. एसीजेएम संजय कुमार झा की अदालत में बिंदी यादव और हत्या के दौरान राॅकी के साथ रहे विधान पार्षद मनोरमा देवी (रॉकी की मां) के सरकारी अंगरक्षक राजेश कुमार काे पेश किया गया. सुनवाई के बाद कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इधर मंगलवार को विधान पार्षद मनोरमा देवी के घर की कुर्की-जब्ती हो सकती है. जांच टीम में शामिल एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, राॅकी यादव को सरेंडर का अल्टीमेटम दिया गया है.
मैं करा देता बेटे को सरेंडर, नहीं दिया मौका : बिंदी : 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के फैसले के बाद कोेर्ट से बाहर निकले बिंदी यादव ने कहा- घटना के 24 घंटे के अंदर अपने बेटे रॉकी को सरेंडर करा देता, लेकिन पुलिस ने मौका ही नहीं दिया. उसे कहीं से ढूंढ़ कर लाता, लेकिन अब जेल से ऐसा कर पाना मेरे लिए काफी मुश्किल होगा. इसके बावजूद परिवार के अन्य सदस्य जुटे हुए हैं. उसे जरूर सरेंडर करायेंगे. आपराधिक मामलों के सवाल पर बिंदी ने कहा कि अब तक मेरे खिलाफ जितने भी मामले हैं, उनमें प्रशासन की ओर से ही एफआइआर करायी गयी है. कभी किसी पब्लिक ने मेरे खिलाफ थाने या कोर्ट में शिकायत नहीं की. इससे साफ होता है कि मुझे हर बार राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जाता रहा है.
बंद रहा पूरा गया शहर, प्रदर्शन
व्यवसायी पुत्र आदित्य सचदेवा की हत्या के विरोध में सोमवार को पूरा गया शहर गुस्से में रहा. मुख्य आरोपित रॉकी यादव की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज लोगों ने आगजनी कर शहर के लगभग सभी रास्ते बंद कर दिये. व्यवसायी सड़क पर तो नहीं आये, लेकिन उन्होंने दुकानें बंद रखीं. एनडीए द्वारा आहूत बंद के दौरान सुबह नौ बजे से शुरू हुआ प्रदर्शन दोपहर तक जारी रहा. विधानसभा में विपक्ष के नेता डाॅ प्रेम कुमार के नेतृत्व में एनडीए के नेताओं ने पूरे शहर में घूम-घूम कर सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. वहीं, विद्यार्थी परिषद व छात्र हम के कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर उग्र प्रदर्शन किया. काशीनाथ मोड़, बारी रोड मोड़, बाटा मोड़, स्टेशन रोड व गेवाल बिगहा रोड समेत कई जगह सड़कों पर आगजनी की. उन्होंने सभी गाड़ियों को रोक दिया. रास्ते से गुजर रही हर पुलिस गाड़ी को रोक कर युवक उस पर चढ़ गये व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. जंकशन पर गया-किउल पैसेंजर को भी पांच मिनट तक रोके रखा. दोपहर एक बजे के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के बाद राहत की सांस ली.
जल्द पुलिस के हाथ लग सकता है रॉकी
विधान पार्षद मनोरमा देवी व रिश्तेदारों के घर पुलिस का धावा
गया. मुख्य आरोपित रॉकी यादव जल्द पुलिस के हाथ लग सकता है. पुलिस ने दबाव बढ़ा दिया है. उसकी तलाश में पुलिस सोमवार की रात उसकी मां और जदयू विधान पार्षद मनोरमा देवी के एपी कॉलोनी स्थित घर पहुंची. सिटी एसपी, सिटी डीएसपी के अतिरिक्त महिला थाना समेत कई शहरी थानों के थानेदार भी पुलिस बल में शामिल थे. अलग-अलग टुकड़ियों में सभी विधान पार्षद के घर में दाखिल हुए. करीब दो घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस अधिकारी बीच-बीच में बाहर निकले और रॉकी के रिश्तेदारों के ठिकानों पर छापेमारी की. पता चला है कि पुलिस परैया, वीर कुंवर सिंह कॉलोनी और रामपुर थाने के आसपास के कुछ ठिकानों पर पहुंची थी. हालांकि, इस प्रयास में पुलिस को कोई लाभ नहीं हुआ. उधर, सूत्रों से पता चला है कि रॉकी गया से बाहर है और उस पर लौटने का भारी दबाव बना हुआ है. इससे माना जा रहा है कि जल्दी ही वह सामने आ सकता है. देर रात तक पुलिसकर्मियों का एक बड़ा दल मनोरमा देवी के घर के अंदर ही मौजूद था. सिटी एसपी अवकाश कुमार ने कहा कि जांच में मनोरमा देवी सहयोग कर रही हैं.