वारदात. रात आठ बजे जेल के पास कार को ओवरटेक कर मारी गोली
गया : शनिवार की रात करीब सवा आठ बजे शहर में हुई गोलीबारी की एक घटना में एक युवक की जान चली गयी. उसका नाम आदित्य सचदेवा बताया गया है. वह शहर के स्वराजपुरी रोड स्थित सचदेवा इंटरप्राइजेज के श्यामसुंदर सचदेवा का पुत्र बताया गया है.
यह घटना तब हुई, जब आदित्य अपने चार अन्य दोस्तों के साथ एक कार में सवार होकर बोधगया से घर लौट रहा था. घटना के वक्त उसकी कार ओटीए से जेल के पीछे होकर पुलिस लाइन की ओर जानेवाली सड़क सरयू पोखर के पास पहुंची थी. घटना को अंजाम देनेवाले भी सिल्वर कलर की एक रेंज रोवर कार में सवार थे.
उसमें पहनावे-ओढ़ावे से नेता की तरह दिखता एक व्यक्ति था, जिसके साथ अर्धसैनिक बलों की वरदी जैसे कपड़े पहना एक हथियारबंद गार्ड भी था. घटना को अंजाम देने के साथ ही हमलावर अपनी गाड़ी में भाग निकले. उधर, गया मेडिकल कॉलेज (एएनएमएमसीएच) में लाये गये आदित्य की मौत की खबर मिलते ही शहर के लोगों की भारी भीड़ जुट गयी. इसी बीच देर रात आदित्य के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भी भेज दिया.
पता चला है कि शनिवार की शाम आदित्य और उसके कुछ दोस्तों ने अभिषेक नामक एक अन्य दोस्त की बर्थडे पार्टी में भाग लिया था. इसके बाद 12वीं की परीक्षा दे चुके ये सभी युवक नासीर नामक एक दोस्त की कार में सवार होकर बोधगया गये, जहां नासीर का कोई होटल बन रहा है.
वहां काम के लिए कुछ पैसे देने के बाद नासीर की गाड़ी में ही सवार होकर आदित्य, अंकित, आयूष और कैफी गया लौट रहे थे. कथित तौर पर गाड़ी नासीर चला रहा था. आगे बायीं ओर कैफी बैठा था और पीछे की सीट पर बायें आयूष, बीच में आदित्य और दायें अंकित बैठे था. बोधगया से एयरपोर्ट के रास्ते लौटते हुए नासीर ने अपनी गाड़ी ओटीए से दाहिने मोड़ ली, ताकि जेल के पीछे से होकर पुलिस लाइन वाली सड़क से आगे जाया जा सके.
आदित्य को घायल अवस्था में लेकर अस्पताल पहुंचे अंकित ने बताया कि जब उनलोगों की कार जेल के करीब थी, तभी पीछे से रेंज रोवर ब्रांड की सिल्वर कलर की एक कार ओवरटेक करते हुए आगे निकलने लगी. जैसे ही वह कार इनकी गाड़ी के सामने आयी, उसमें बैठे किसी व्यक्ति ने कार से बाहर हाथ निकाल कर हवा में फायरिंग भी की. बाद में वह गाड़ी आगे निकल कर नासीर की गाड़ी को रोक ली. रेंज रोवर से एक-एक कर चार लोग उतरे. इनमें एक नेता जैसा व्यक्ति भी था. उसके साथ गार्ड भी था, जिसके हाथ में कारबाइन जैसा हथियार था.
ये लोग नासीर की गाड़ी के पास पहुंचे और ड्राइविंग सीट के पास पहुंच कर कार की खिड़की खुलवायी और नासीर के चेहरे पर पिस्तौल के बट से किसी ने मार दिया. नासीर की नाक से खून बहने लगा. रेंज रोवर से उतरे लोग नासीर की कार के गेट भी जबरन खोलने लगे. इससे उसकी कार में बैठे सभी युवक डर गये. नासीर भी डरा हुआ था.
बुरी तरह सहमे हुए नासीर ने गाड़ी को तेजी से भगाने के लिए एक्सीलरेटर जोर से दबाया और कार समेत भागने की कोशिश की. लेकिन, जैसे ही इनकी गाड़ी रेंज रोवर से कुछ आगे निकली, पीछे से किसी ने गोली चला दी. वह गोली नासीर की कार में पिछली सीट पर बीच में बैठे आदित्य के सिर में लगी. आदित्य के सिर से खून का तेज प्रवाह देख घबराये उसके दोस्त तुरंत अपने परिजनों को फोन लगाया और उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां इलाज के दौरान आदित्य की मौत हो गयी.घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में आदित्य के परिचित व रिश्तेदार एएनएमएमसीएच पहुंचे.
शहर से ढेर सारे उसके शुभचिंतक भी इकट्ठा हो गये. लगे हाथ एसएसपी गरिमा मलिक, डीएसपी सतीश कुमार, रामपुर थाने के इंस्पेक्टर गौरीशंकर गुप्ता और कई अन्य थानेदार भी पुलिस बल के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे. एसएसपी ने कहा कि रेंज रोवर गाड़ी की पहचान की जा रही है और जल्दी ही पुलिस घटना के लिए जिम्मेवार लोगों को पकड़ लेगी.
