दरअसल, बिजली की स्थिति पिछले कई दिनों से बदतर हालत में पहुंच चुकी है. लोगों को घरों व प्रतिष्ठानों में जेनेरेटर व इन्वर्टर का सहारा लेना पड़ रहा है. कई मर्तबा यह भी हो रहा है कि घंटों बिजली गुल रहने के कारण इन्वर्टर भी चार्ज नहीं हो पाता है. इससे लोग और परेशान हो जाते हैं. बिजली की किल्लत से लोगों के घरों रखे फ्रीज करीब-करीब बेकार हो गये हैं.
साथ ही विभिन्न दुकानों में कोल्ड ड्रिंक्स बेचने वाले दुकानदार भी बिजली की कमी का रोना रो रहे हैं. वे ग्राहकों को ठंडा पेय पदार्थ पिलाने में असमर्थता जताने लगे हैं. बिजली की किल्लत का असर घरों में लगे मोटर पंपों पर भी पड़ रहा है. लोगों के घरों की पानी टंकियां खाली हो जा रही हैं. हालांकि, बिजली की कटौती की सूचना इंडिया पावर की ओर से लोगों तक पहुंचा दी जा रही है. पर, बिजली नहीं रहने से होनेवाली परेशानियों का कोई विकल्प फिलहाल लोगों को नहीं सूझ रहा है.
