गया : गया का पारा पिछले दिनों की तुलना में रविवार को करीब ढाई डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, लेकिन कड़ी धूप व तेज गरम हवा से लोग परेशान रहे. दाेपहर में ताे बिना चेहरा ढंके सड़काें पर निकलना ही दूभर था. जिले के दाे प्रखंडाें बेलागंज व खिजसराय में पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान हुआ. धूप के कारण मतदाताआें काे बूथ तक आने व प्रशासन को मुस्तैदी में परेशानी हुई. हालांकि, इसके बावजूद लाेग धूप में झुलसते मतदान केंद्रों तक पहुंचे. शहर में दाेपहर में सड़काें पर जैसे वीरानी छायी थी.
रविवार काे गया का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री व न्यूनतम पारा 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि शनिवार काे अधिकतम तामपान 43.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस था. लगातार तापमान के बढ़े हाेने व कड़े धूप से जलस्तर तेजी से नीचे की आेर खिसक रहा है.
अब ताे शहर के कई मुहल्लाें के चापाकल भी फेल हाेने लगे हैं. ऐसी स्थिति में जलसंकट का खतरा मंडराने लगा है. अभी अप्रैल का एक सप्ताह, मई व जून बचा है. इन महीनाें में गरमी आैर अधिक बढ़ती है. लाेग इस बात से डरे हैं कि अगले दाे महीनाें में आैर क्या हाेगा.
