उधर, गुरारू में लेवी के लिए नक्सलियों ने जलाया ट्रैक्टर

गुरारू: नक्सलियों ने लेवी की मांग को लेकर मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे गया जिले के गुरारू थाना क्षेत्र के विनयनगर गांव के पास सड़क निर्माण में लगे एक ट्रैक्टर को जला दिया व मजदूरों के साथ मारपीट की. बाइक सवार तीन नक्सलियों ने अपने साथ गैलन में रखे पेट्रोल से ट्रैक्टर में आग […]

गुरारू: नक्सलियों ने लेवी की मांग को लेकर मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे गया जिले के गुरारू थाना क्षेत्र के विनयनगर गांव के पास सड़क निर्माण में लगे एक ट्रैक्टर को जला दिया व मजदूरों के साथ मारपीट की. बाइक सवार तीन नक्सलियों ने अपने साथ गैलन में रखे पेट्रोल से ट्रैक्टर में आग लगा दी. इससे ट्रैक्टर की सीट व आगे का एक टायर जल गया. जाते वक्त एक राउंड फायरिंग भी की. ट्रैक्टर में आग लगने से पास में खड़ी एक बाइक भी मामूली रूप से जल गयी. इसके बाद बाइक से ही तीनों नक्सली ठाकुर बिगहा पहाड़ी की ओर भाग गये.
घटना की सूचना पर स्थानीय थाने की पुलिस के साथ-साथ एसएसपी गरिमा मलिक भी मौके पर पहुंचीं व मजदूरों से घटनाक्रम की जानकारी ली. ट्रैक्टर के ड्राइवर सुखलाल रविदास ने बताया कि तीनों नक्सली सोरंगपुर गांव की ओर से आये व काम में जुटे मजदूरों को काम बंद करने को कहा. एक ने लाठी से कुछ मजदूरों की पिटाई भी की.

इसके बाद पेट्रोल से ट्रैक्टर की सीट व आगे के टायर में आग लगा दी और एकराउंड फायरिंग कर चले गये. एसएसपी ने बताया कि सड़क निर्माण में जुटी कंपनी से पहले भी पीएलएफआइ नामक नक्सली संगठन ने लेवी की मांग की थी. इसको लेकर गुरारू थाने में मामला भी दर्ज है. उन्होंने बताया कि बाइक सवार लोगों की पहचान की जा रही है. छापेमारी भी की जा रही है. हालांकि, एसएसपी ने फायरिंग की घटना से इनकार करते हुए मजदूरों के हवाले से बताया है कि ट्रैक्टर की सीट में आग लगाने व मजदूरों को लाठी से पिटाई कर काम बंद करने की चेतावनी देने के बाद तीनों नक्सली एक ही बाइक से फरार हो गये. उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर 10-12 मजदूर काम में लगे थे, जिनसे पूछताछ की गयी है. गौरतलब है कि स्टेट हाइवे 101 के नाम से बन रही सड़क औरंगाबाद के अंबा से गया को जोड़ेगी. गुरारू क्षेत्र में मगध कंस्ट्रक्शन नामक कंपनी द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >