गया : औरंगाबाद जिले के ढिबरा थाना क्षेत्र के बनुआ टोला पक्का पर गांव से पुलिस की पकड़ में आये श्रवण भूइंया व अर्जुन पासवान के मामले में पुलिस गतिविधि की भाकपा-माओवादी संगठन ने निंदा की है.
माओवादी संगठन के मध्य जोन कमेटी के प्रवक्ता परमजीत ने बताया है कि पुलिस अपनी वाहवाही लूटने के लिए बेकसूर किसानों व मजदूरों को माओवादियों के नाम पर पकड़ कर अपनी उपलब्धि दिखा रही है. गत बुधवार को पुलिस द्वारा पकड़े गये श्रवण भूइंया व अर्जुन पासवान निर्दोष हैं. अर्जुन पासवान गरीब किसान हैं और श्रवण भूइंया टोला शिक्षक का कामकाज करते हैं. दोनों की महादलित परिवार से आते हैं.
एक तरफ सरकार महादलितों के उत्थान की बात करती है, तो दूसरी तरफ महादलित परिवार के सदस्यों को झूठे केस में फंसा कर जेल भेजा जा रहा है. उन्हें परेशान किया जा रहा है. पुलिस के इन क्रियाकलापों की संगठन भर्त्सना करता है.
