20 देशों के 338 नौसेना अधिकारियों ने किया बोधगया का भ्रमण

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार को बोधगया में एक विशेष सांस्कृतिक यात्रा का आयोजन किया गया. इसमें विभिन्न देशों के 338 नौसेना अधिकारियों के एक विशिष्ट प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया.

बोधगया. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार को बोधगया में एक विशेष सांस्कृतिक यात्रा का आयोजन किया गया. इसमें विभिन्न देशों के 338 नौसेना अधिकारियों के एक विशिष्ट प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया. समंदर के इन योद्धाओं ने एक दिन के लिए इस पवित्र शहर का दौरा किया और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल प्रतिष्ठित महाबोधि मंदिर में दर्शन कर भगवान बुद्ध को नमन किया. विदेशी मेहमानों के आगमन पर बोधगया टेंपल मैनेजमेंट कमेटी (बीटीएमसी) की सचिव डॉ महाश्वेता महारथी, मुख्य भिक्षु चालिंदा, भिक्षु डॉ दीनानंद, महाबोधि मंदिर के परिचर, महाविहार के सभी भिक्षुओं और बीटीएमसी सदस्य डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने उनका गर्मजोशी और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया. इस दौरान सभी प्रतिनिधियों को सम्मान स्वरूप पारंपरिक ””””खादा”””” (अंगवस्त्र) भी भेंट किया गया. प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर परिसर और पवित्र बोधिवृक्ष का भ्रमण किया. इस दौरान उन्हें भगवान बुद्ध के जीवन, ज्ञान प्राप्ति (बोधि) के महत्व और शांति, करुणा व सहअस्तित्व को बढ़ावा देने में बौद्ध शिक्षाओं की वैश्विक प्रासंगिकता के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी.

राजगीर और नालंदा का दौरा हुआ स्थगित

उल्लेखनीय है कि ”इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू एंड मिलान-2026” एक द्विवार्षिक बहुपक्षीय समुद्री कार्यक्रम है, जिसे 1995 से भारतीय नौसेना द्वारा विशाखापत्तनम में आयोजित किया जाता रहा है. इस वर्ष भी इसे फरवरी माह में आयोजित किया जा रहा है. इसी कार्यक्रम के तहत विशाखापत्तनम से वायुसेना के दो विशेष विमानों से नेवी अफसरों का दल शुक्रवार को गया एयरपोर्ट पहुंचा था. शाम करीब चार बजे गया एयरपोर्ट के रास्ते सभी वापस विशाखापत्तनम के लिए प्रस्थान कर गये. हालांकि, पहले इनका यह भ्रमण कार्यक्रम तीन दिवसीय तय था, लेकिन कतिपय कारणों से इसे एक दिन में ही संपन्न करा लिया गया और इनका राजगीर व नालंदा का प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pranjal pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >