शनिवार को हुई थी 11 लाख की आमद, रविवार को 13 तक पहुंचा आंकड़ा
गया : परीक्षा देने के बाद घर जाने के लिए परीक्षार्थियों ने ट्रेनों का सहारा लिया. इस दौरान गया रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की काफी भीड़ देखी गयी. यही नहीं डेल्हा टिकटघर व रेलवे स्टेशन स्थित टिकटघर में भी परीक्षार्थियों की भीड़ देखी गयी.
बताया जाता है कि गया-पटना पैसेंजर ट्रेन, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, गया-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस व हटिया-पटना एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में काफी भीड़ देखी गयी. इस कारण रेलयात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा. गया जिला में परीक्षा होने के कारण रेलवे का राजस्व भी बढ़ा. गया रेलवे स्टेशन स्थित टिकट घर व डेल्हा टिकट काउंटर पर परीक्षार्थियों की भीड़ नजर आयी. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 12 बजे के बाद टिकट काउंटरों पर सिर्फ परीक्षार्थियों की ही भीड़ नजर आयी. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को गया रेलवे स्टेशन से यात्रा करनेवाले यात्री की संख्या 16 हजार 678 थी. लेकिन, रविवार को यात्री की संख्या 23 हजार एक सौ हो गयी.अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को 11 लाख रुपये की आमदनी हुई थी. लेकिन, रविवार को राजस्व 13 लाख रुपये आये.
चेन पुलिंग करते युवक गिरफ्तार
गया. गया-कोडरमा रेलखंड स्थित वंशीनाला-पहाड़पुर स्टेशन के स्थित रातो गांव के पास एक व्यक्ति ने रविवार को आनंद विहार-हटिया एक्सप्रेस ट्रेन में चेन पुलिंग कर दी. इस दौरान प्लेटफॉर्म पर तैनात जवानों ने उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार युवक की पहचान अतरी गांव के रहनेवाले बिंदा पासवान के रूप में की गयी है.
स्टेशन से मोबाइल चोर गिरफ्तार
गया.गया रेलवे स्टेशन के एस्केलेटर स्थित चार्जिंग के पास से मोबाइल चोरी करते एक युवक को रेल पुलिस ने गिरफ्तार किया है. युवक युवक की पहचान मसौढ़ी के मनोज कुमार के रूप में की गयी है. युवक को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया.
