दुकानदार गया था मिस्त्री के यहां से मोबाइल फोन लाने, लौटा तो बक्सा मिला गायब
भीड़-भाड़ का इलाका होने के बाद भी नहीं पड़ी किसी की चोर पर नजर
गया : पुरानी गोदाम स्थित गुड़ होलसेलर की दुकान से ढाई लाख रुपये से भरा बक्सा चोरी किये जाने का मामला सामने आया है. इस संबंध में कोतवाली थाने में पीड़ित ने केस दर्ज कराया है. गुड़ व्यापारी माणिकचंद खेतान ने बताया कि शनिवार की शाम करीब सवा पांच बजे नयी गोदाम स्थित दुकान से वे मोड़ पर पांच मिनट के लिए (पहले से मोबाइल बनने दिये दुकान से) मोबाइल लेने गये थे. लौटने के बाद दुकान में रखा लकड़ी का बक्सा गायब था.
मोबाइल लेने जाते वक्त बाहर एक ठेला वाले को दुकान देखने की बात कह कर निकले थे. उन्होंने बताया कि दुकान में पेंट होने के कारण दिन भर के बिक्री का करीब ढाई लाख रुपयेबक्सा में रखा हुआ था. भीड़-भाड़ का इलाका होने के बाद भी किसी की नजर बक्सा ले जानेवाले पर नहीं पड़ी. दुकानदार ने कहा कि निश्चित ही यह किसी पूरी तौर से जानने वाला का ही काम होगा, क्योंकि दुकान में अंदर आकर बक्सा ले जाने की हिम्मत बिना जाननेवाला नहीं कर सकता है.
आसपास लगा रहता है शराबियों का जमावड़ा
पुरानी गोदाम का बीच बाजार होने के बाद भी यहां हर वक्त शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है. आसपास के दुकानदारों ने बताया कि ग्राहक आने के समय शराब धंधेबाज व खरीदार यहां बहुत तंग करते हैं. इतना ही नहीं हर दिन यहां पर मालवाहक वाहनों से शराबियों की झंझट होती है. सूत्र बताते हैं कि बगल के हाता गोदाम इलाका में कई जगह पर शाम होते ही जुए की महफिल सजती है. पिछले दिनों जुआरियों ने ही आसपास के दुकानदारों से मारपीट की थी. इसके बाद पुलिस कार्रवाई कर कई लोगों को गिरफ्तार भी किया था. कुछ दिन बीतते ही स्थिति पुरानी तरह ही हो गयी है.
