बोधगया : मगध विश्वविद्यालय द्वारा शनिवार से स्नातक पार्ट टू की परीक्षा शुरू करायी गयी है और इसके लिए गया, पटना, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद जिले में में 58 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. परीक्षा में लगभग दो लाख परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं व इसके लिए दो पालियों में परीक्षा ली जा रही है.
केवल गया जिले में परीक्षा के लिए 14 सेंटर बनाये गये हैं व इनमें करीब 86 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं. मगध विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो विनोद कुमार सिंह ने कहा कि पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई है व किसी भी सेंटर से कदाचार की शिकायत नहीं मिली है. उन्होंने बताया कि सभी जिलों में दो-दो फ्लाइंग मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त किये गये हैं, जो परीक्षा केंद्रों पर कदाचार व अन्य शिकायतों की जांच करेंगे.
24 से होगी प्रैक्टिकल परीक्षा : एमयू के परीक्षा विभाग द्वारा जारी प्रोग्राम के मुताबिक 12 जून तक ऑनर्स पेपर की परीक्षा ली जायेगी व 13 से 22 जून तक सबसिडयरी व सामान्य विषयों की परीक्षा ली जायेगी.
इसके बाद 24 से 27 जून तक प्रैक्टिकल की परीक्षा आयोजित की जायेगी. स्नातक पार्ट की परीक्षा को लेकर गया शहर में बनाये गये परीक्षा केंद्रों में शामिल होनेवाले स्टूडेंट्स की आवाजाही को लेकर विभिन्न चौक-चौराहों व सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है व लोग जाम में भी फंस रहे हैं. परीक्षा का समय पहली पाली के लिए सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक व दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित की गयी है.
परीक्षा केंद्रों पर लागू रहेगी धारा 144
गया. अनुमंडल पदाधिकारी सदर ने कहा है कि जिला दंडाधिकारी व वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के संयुक्त आदेश के अनुसार बिहार अवर सेवा आयोग पटना द्वारा अवर निरीक्षक उत्पाद पद की रिक्तियों की परीक्षा नौ जून, 2019 को गया शहर अंतर्गत 53 परीक्षा केंद्रों पर होगी. परीक्षा केंद्रों के इर्द-गिर्द धारा 144 परीक्षा अवधि में प्रभावी ढंग से लागू रहेगी. यह आदेश दिनांक नौ जून, 2019 के पूर्वाह्न 6:00 बजे से अपराह्न 7:00 बजे तक प्रभावी रहेगा.
