वरीय अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंच कर की छानबीन
आरोपित के घर के बाहर छिपा कर रखी गयी शराब की जब्त
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चल रही छापेमारी
गया : रामपुर थाना क्षेत्र के गेवाल बिगहा बथान के पास पहाड़ी पर अपराधियों ने गुरुवार को एक युवक पर एक-एक कर तीन गोलियां चलायीं. लेकिन, किसी तरह वहां से युवक भागने में सफल रहा.
गोलीबारी की सूचना पर सिटी डीएसपी राजकुमार साह व रामपुर थानाध्यक्ष (प्रशिक्षु आइपीएस) हृदयकांत बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के जवान के साथ पहुंचे. गोली चलाने के आरोपित के घर पुलिस जब छापेमारी की, तो घर के बाहर पत्थर के नीचे छुपा कर रखी गयी शराब जब्त की गयी. पीड़ित चंदू यादव ने थाने में लिखित शिकायत मुहल्ले के ही कुछ लोगों पर की है. चंदू यादव ने बताया कि वह अपने परिजन से मिल कर घर लौट रहा था. इस दौरान घात लगा कर बैठे कई लोगों ने हमला बोल दिया.
अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग की. अपराधी आधा दर्जन की संख्या में थे. घटना के बाद कुछ देर के लिए पूरे मुहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. हालांकि पुलिस के आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली. देर रात तक पुलिस अपराधियों की टोह में गश्त लगाती रही. थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच की गयी है. अारोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है.
