गया : चौक एरिया स्थित एटीएम बूथों को हैकरों ने अपना अड्डा बना लिया है. इस वर्ष जनवरी में ही चौक एरिया की एटीएमों से हैकरों द्वारा लाखों रुपये की निकासी कई लोगों के खाते से की गयी है. तीन लोगों के खातों से साढ़े सात लाख रुपये की निकासी चौक स्थित सिर्फ एसबीआई की […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
गया : चौक एरिया स्थित एटीएम बूथों को हैकरों ने अपना अड्डा बना लिया है. इस वर्ष जनवरी में ही चौक एरिया की एटीएमों से हैकरों द्वारा लाखों रुपये की निकासी कई लोगों के खाते से की गयी है. तीन लोगों के खातों से साढ़े सात लाख रुपये की निकासी चौक स्थित सिर्फ एसबीआई की एटीएम से की गयी है.
अब ये पीड़ित पुलिस के टालू रवैये से हलकान हैं. खास कर उससे, जो कोतवाली थाने में एसपीओ के पद पर वर्षों से कार्यरत है और मुंशी का काम करता है. यही नहीं वह केस डायरी भी तैयार करता है. इस बात की जांच करायी जाये, तो मामला उजागर हो जायेगा. हालांकि यह जानकारी थानाध्यक्ष के साथ पुलिस के अन्य बड़े अधिकारियों को भी है, लेकिन वे कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं.]
वहीं, मुंशी पीड़ितों की मदद के बजाये उनसे थाने के चक्कर लगवा रहे हैं़ एटीएम हैक के शिकार लोगों की शिकायत के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गयी है़
हैकरों ने चौक एरिया स्थित एटीएम बूथ से की रुपये की निकासी
पीड़ितों ने मुंशी पर लगाया एफआइआर के नाम पर टहलाने का आरोप
बड़ा बाबू कहते हैं मुंशी से मिलें और मुंशी कहते हैं बड़ा बाबू से मिलें
सेना में ट्रेनिंग अधिकारी से रिटायर्ड हुए मुरली हिल बैरागी के रहनेवाले गिरजा नंदन ने बताया कि उनका मिलिटरी कैंप के एसबीआइ शाखा में खाता है. 11 जनवरी से 22 जनवरी के बीच छह लाख रुपये चौक एरिया के एसबीआइ के एटीएम से निकाल लिया गया. उन्होंने कहा कि बीते कई दिनाें से कोतवाली में आवेदन देकर केस दर्ज कराने के थाने का चक्कर काट रहा हूं. लेकिन,अब तक केस नंबर नहीं दिया गया है. संबंधित मामले में संपर्क करने पर थाने के बड़ा बाबू कहते हैं कि मुंशी से बात कर लो और मुंशी पंकज कुमार कहते हैं कि बड़ा बाबू से बात करें.
इसके साथ ही मखदुमपुर से पहुंचे अमित कुमार ने बताया कि उसके खाते से 15 जनवरी को 36 हजार रुपये निकाले गये हैं. इनके खाते से भी चौक एरिया के एसबीआइ बैंक के एटीएम से ही निकाला गया है. वहीं मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गेरे गांव के अनिश कुमार सिंह ने बताया कि वे अपनी बहन की शादी के लिए मानुपर के एसबीआइ शाखा में पैसा रखा था.
चौक एरिया व एपी कॉलोनी के विभिन्न एटीएम से उनके खाते से डेढ़ लाख रुपये निकाल लिये गये. उन्होंने बताया कि उनके एटीएम से एक दिन में निकासी का 20 हजार रुपये लिमिट किया हुआ है. उसके बाद भी अधिक पैसा निकाल लिया गया. कई दिनों से थाने का चक्कर लगाने के बाद भी एफआइआर की कॉपी नहीं दी जा रही है.
कोतवाली थाने में जब मुंशी पंकज कुमार के पास जाता हूं, तो वह कहते हैं कि बड़ा बाबू से बात करें. गौरतलब है कि पंकज कुमार काेतवाली थाना में एसपीआे के रूप में तैनात हैं लेकिन, वह अपना मूल काम छाेड़ कर थाने में मुंशीगिरी ही करते हैं. आम आदमी उन्हें थाने का मुंशी ही समझता है. वह थाने में तैनात पुलिस कर्मियों को आदेश-निर्देश भी देते हैं. यही नहीं पुलिस कर्मियों की फटकार भी लगाते हैं. पुलिस जांच क्या करेगी जब एफआइआर दर्ज करने में परेशान कर रही है. कोतवाली पुलिस ने मामले की छानबीन की बात कही है.