बोधगया : स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरी क्षेत्रों में घरों व बाजारों से निकलने वाले कचरे के प्रबंधन व उनके रिसाइकलिंग को लेकर बोधगया में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों के प्रतिनिधियों को एक्सपोजर विजिट कराया गया.
गुरुवार को निकायों के प्रतिनिधियों को सबसे पहले नंदिनी डेयरी ले जाया गया व यहां तैयार हो रहे बर्मी कंपोस्ट को दिखाया गया. बर्मी कंपोस्ट तैयार करने के बारे में नंदिनी डेयरी के मालिक संतोष कुमार ने जानकारी दी. इसके बाद सभी को हथियार गांव स्थित संवोधि रिसॉर्ट ले जाया गया व यहां कचरा प्रबंधन के लिए किये जा रहे कार्यों को दिखाया गया.
इसके बाद सभी को बोधगया के राजापुर मोड़ स्थित ठोस व तरल कचरा प्रबंधन संस्थान ले जाया गया, जहां नगर पंचायत द्वारा एकत्रित कचरे को जमा किया जाता है व गीले कचरे से कंपोस्ट व सूखे कचरे के पृथकीकरण का काम किया जा रहा है. नगर पंचायत के सिटी मैनेजर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि बोधगया नगर पंचायत क्षेत्र से एकत्रित गीले कचरे से कंपोस्ट तैयार किया जा रहा है व सूखे कचरे को अलग-अलग कर रिसाइकलिंग के साथ-साथ कबाड़ में बेचने लायक सामानों की छंटनी की जा रही है. इसके बारे में बताया गया.
