गया : केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार व बिहार में नीतीश कुमार की सरकार से लोग खुश नहीं हैं. इन दोनों की नीतियों के कारण सामान्य वर्ग से लेकर पिछड़ा, अतिपिछड़ा समेत महिलाओं में काफी गुस्सा है. वे सरकार के खिलाफ लामबंद होने लगे हैं. सभी लोगों की उम्मीदें देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस पर टिकी हैं.
ये बातें बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने बुधवार को एमआई प्लाजा में अभिनंदन सह स्वागत समारोह में कहीं. प्रदेश के पहले सीएम डॉ श्री कृष्ण सिंह की 131वीं जयंती के समारोह में लोगों को आमंत्रण देने निकले श्री सिंह बुधवार को गया में थे.
उन्होंने कहा कि श्री बाबू की जयंती पूरे प्रदेश में मनायी जायेगी. उन्होंने आधुनिक बिहार के निर्माता की जयंती कार्यक्रम में ज्यादा-से-ज्यादा लोगों को शामिल होने की अपील की. उन्हाेंने 2019 में हाेनेवाले लाेकसभा चुनाव की तैयारी में अभी से ही कार्यकर्ताआें से एकजुट हाेने का आह्वान किया.
सभी की पार्टी है कांग्रेस
उन्होंने कहा कि भाजपा की तरह कांग्रेस किसी एक धर्म व जाति की पार्टी नहीं है, बल्कि सभी धर्म, जाति व समुदाय की पार्टी है. इसका प्रमाण पार्टी का पुराना इतिहास है. उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में सरकारी नीतियों व पुलिसिया बर्बरता के खिलाफ पार्टी लगातार आंदोलन कर रही है. श्री सिंह ने कहा कि देश में काफी अराजकता का माहौल है.
डिप्टी सीएम पर कसा तंज
उन्होंने प्रदेश के डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी पर जुबानी हमला किया. उन्होंने कहा कि वे तो अपराधियों के आगे नतमस्तक हो जाते हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग हवाई बातें करने में काफी सक्रिय हैं. वहीं, वजीरगंज के पूर्व विधायक अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि मगध की भूमि श्री कृष्ण बाबू व अनुग्रह बाबू की कर्मभूमि है. उन्होंने विश्वास जताया कि पटना में आयोजित होनेवाले श्री कृष्ण बाबू के जयंती कार्यक्रम में हर वर्ष गया से बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं और इस बार भी शामिल होंगे.
इसके पहले अखिलेश सिंह का स्वागत जिलाध्यक्ष चंद्रिका यादव, कांग्रेस नेता प्रो विजय कुमार मिट्ठु, युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव डॉ शशि शेखर और अभिषेक श्रीवास्तव समेत कई नेताओं ने फूल-माला पहना कर किया. इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिव बच्चन यादव, इंटक नेता अशोक सिंह, राम स्वरूप पासवान, पूर्व विधायक जनार्दन शर्मा, मेयर वीरेंद्र कुमार, उपमेयर मोहन श्रीवास्तव, प्रियरंजन उर्फ डिंपल, पूर्व वार्ड पार्षद शशि किशाेर शिशु समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गोपाल लाल महतो ने की, जबकि संचालन सुंमत कुमार ने किया.
