एमसीआई टीम के दौरे के बाद तय होगा मेडिकल काॅलेज का भविष्य

गया : मगध मेडिकल काॅलेज में इस महीने किसी भी दिन मेडिकल काउंसिल आॅफ इंडिया (एमसीआइ) की टीम का दौरा हो सकता है. यह एक माॅक विजिट होगा, लेकिन यह औचक निरीक्षण ही मेडिकल काॅलेज का भविष्य तय करेगा. मेडिकल काउंसिल आॅफ इंडिया द्वारा यहां की मान्यता पर प्रश्नचिह्न लगाने और सुप्रीम कोर्ट में तीन […]

गया : मगध मेडिकल काॅलेज में इस महीने किसी भी दिन मेडिकल काउंसिल आॅफ इंडिया (एमसीआइ) की टीम का दौरा हो सकता है. यह एक माॅक विजिट होगा, लेकिन यह औचक निरीक्षण ही मेडिकल काॅलेज का भविष्य तय करेगा. मेडिकल काउंसिल आॅफ इंडिया द्वारा यहां की मान्यता पर प्रश्नचिह्न लगाने और सुप्रीम कोर्ट में तीन महीने में स्थिति सुधारने की शर्त पर स्टे मिलने के बाद काॅलेज प्रबंधन मान्यता बचाने का प्रयास कर कर रहा है.
कैंपस में फैकल्टी, कर्मचारी व जरूरी संसाधनों को पूरा करने के लिए काॅलेज व अस्पताल प्रशासन कई स्तर पर काम कर रहा है. राज्य सरकार ने भी गुजरात के चिकित्सक डाॅ एच राजेश मेहता को बतौर नोडल आॅफिसर यहां नियुक्त कर रखा है. गौरतलब है कि 25 सितंबर को राज्य सरकार को सुप्रीम कोर्ट में मेडिकल काॅलेज की व्यवस्था के संबंध में शपथ-पत्र भी दायर करना होगा.
इसमें इन तीन महीनों में मेडिकल काॅलेज की व्यवस्था में सुधार के लिए किये गये बदलाव की पूरी जानकारी देनी होगी. राज्य सरकार ने इसी के लिए तीन माॅक विजिट का प्लान तैयार किया है. दो विजिट पूरे हो गये हैं व एक इसी महीने में होना है.
कर्मचारियों की कमी पूरी करने का प्रयास
मेडिकल काॅलेज अस्पताल में जो सबसे बड़ी कमी है, वह है कर्मचारियों की कमी. चाहे वह चतुर्थ वर्ग हो या चिकित्सक. सभी जगह वर्षों से पद खाली हैं. चतुर्थ और तृतीय वर्ग के पदों को भरने के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से प्रक्रिया शुरू की गयी है. दूसरी ओर चिकित्सकों के खाली पदों को भरने के लिए राज्य सरकार के स्तर पर बहाली की प्रक्रिया चल रही है.
एमसीआई द्वारा रिसर्च पेपर पर भी आपत्ति जतायी गयी थी. काॅलेज प्रशासन ने इस दिशा में भी प्रयास शुरू किया है. चूंकि अब सभी रिसर्च आॅनलाइन हो गये हैं. ऐसे में अब आइटी एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है.
साफ-सफाई के लिए स्पेशल तैयारी
एमसीआई ने अपने सभी निरीक्षण में अस्पताल में तकनीकी कमजोरी पर तो आपत्ति की ही थी, अस्पताल की गंदगी पर भी रिपोर्ट की थी. अस्पताल प्रशासन ने सफाई को लेकर विशेष प्लान तैयार किया है. सफाई व्यवस्था में भी कई बदलाव किये गये हैं. वार्ड के अनुसार कर्मचारियों का बंटवारा किया गया है. इसके अलाव 24 घंटे सफाई व्यवस्था लागू करने की भी तैयारी चल रही है. कैंपस में हो रहे नये निर्माण कार्यों को भी जल्द पूरा करने का निर्देश जारी किया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >