गया : सावन के तीसरे सोमवार को गया शहर के विभिन्न मोहल्लों में स्थापित शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अभिषेक किया. शहर के कई शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना को लेकर शिव भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं. मार्कंडेय शिव मंदिर, महा कोटेश्वर शिव मंदिर, चाणक्यपुरी स्थित शिव मंदिर, टिकारी रोड स्थित पंचमुखी शिव मंदिर, पिता महेश्वर स्थित शिवालय, रामशिला स्थित शिव मंदिर, महादेव घाट स्थित शिव मंदिर, ब्राह्मणी घाट स्थित फलकेश्वर महादेव, गाेदावरी काशीखंड स्थित गिरिद्धेश्वर महादेव, झारखंडेश्वर महादेव, देव घाट स्थित साेमेश्वर महादेव, राजेंद्र आश्रम स्थित शिव-पार्वती मंदिर, नूतन नगर माेड़ स्थित शिव मंदिर सहित शहर के प्राय: सभी शिवालयों में सावन के तीसरे सोमवार को सूर्योदय से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही का सिलसिला बना रहा. इन मंदिरों में शिव भक्तों ने जल व दूध से भगवान शंकर का अभिषेक किया और पूजन सामग्रियों से पूजा-अर्चना की.
इधर सावन मास को लेकर माड़नपुर बाईपास स्थित महा कोटेश्वर शिव मंदिर में आज से लेकर 26 अगस्त तक शिव चर्चा, शिव विवाह, राम कथा सहित विभिन्न अनुष्ठान आयोजित किये गये हैं. मंदिर की देख रेख करनेवाली संस्था समर्पण के संस्थापक डॉक्टर संकेत नारायण सिंह ने बताया कि इस मौके पर ओबरा के रामलीला मंडली द्वारा रामलीला का मंचन, प्रवचन, भजन, कीर्तन व कथा का भी आयोजन किया गया है. उन्होंने बताया कि सावन पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर प्रांगण में भव्य भंडारा भी आयोजित किया जायेगा.
श्री सिंह ने बताया कि इस शिव मंदिर का निर्माण करीब 100 साल पहले फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के नाना द्वारा कराया गया था. उन्होंने बताया कि देख रेख के अभाव में मंदिर की स्थिति दो वर्ष पूर्व में जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच गयी थी. श्री सिंह ने बताया कि समर्पण संस्था द्वारा इस मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो सके.
