शेरघाटी : अनुमंडल क्षेत्र में इन दिनों अपराध का ग्राफ काफी बढ़ गया है, जिससे आम लोगों में भय व्याप्त है. बेखौफ हो चुके अपराधियों ने हत्या, लूट, चोरी, छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस की नींद उड़ा कर रख दी है. ताजा घटना गुरुवार की रात की है, जहां बेखौफ अपराधियों ने चंडी स्थान से दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे व्यवसायी की तिलैया-बभंडी रोड पर चाकू मार कर हत्या कर दी. मृतक श्रीकांत चौरसिया अपनी बाइक पर सवार होकर गांव के कौशल कुमार के साथ अपने घर चकजलपा लौट रहे थे. रास्ते में घात लगाो अपराधियों ने दोनों को रोक कर बाइक छीनने लगे. विरोध करने पर अपराधियों ने चाकू से हमला कर दिया.
25 मई को आमस बाजार स्थित पीएनबी में रुपये जमा करने जा रहे टोल कर्मी से हथियार के बल पर अपराधियों ने दिनदहाड़े 25 लाख रुपये लूट लिये थे. 12 मई की रात शहर के नयी बाजार स्थित हीरो, टीवीएस बाइक के शो-रूम से बाइक सहित लाखों रुपये की चोरी कर ली थी. इसी तरह एक पखवारा पूर्व शेरघाटी–इमामगंज रोड पर बालासोत गांव के पास अपराधियों ने व्यापारी को गोलीमार दी थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गये थे. इसके अलावा आमस के बुधौल से 21 जून को शेरघाटी के व्यवसायी प्रकाश कुमार के अपहरण को लेकर आमस थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. एक पखवारा से अधिक बीत जाने के बाद भी पुलिस को अबतक सफलता नहीं मिली है.
