12 जून को डीएम कार्यालय से जारी पत्र में दिया गया आदेश
पांच जून को डीएम ने किया था अस्पताल का औचक निरीक्षण पकड़ी थीं कई गड़बड़ियां
गया : डीएम अभिषेक सिंह ने प्रभावती अस्पताल के सभी कर्मचारियों के वेतन पर रोक लगा दी है. इसमें अधीक्षक से लेकर चपरासी तक सभी शामिल हैं. 12 जून को डीएम कार्यालय से जारी पत्र में यह आदेश दिया गया है. इसमें डीएम ने इन सभी कर्मचारियों के वेतन को अगले आदेश तक रोकने का आदेश जारी किया है.
गौरतलब है कि इसी महीने पांच जून को डीएम अचानक प्रभावती अस्पताल में जांच के लिए पहुंच गये थे. इस दौरान उन्होंने अस्पताल में कई प्रकार की गड़बड़ी अपने स्तर पर पकड़ी. वार्ड से लेकर आॅपरेशन थिएटर में खराब संसाधन,डाॅक्टर व कर्मचारियों की ड्यूटी में लापरवाही को लेकर डीएम ने सभी को खूब डांटा भी. डीएम ने जांच के दौरान ही मौखिक रूप से यहां के सभी कर्मचारियों का वेतन बंद करने की बात कही थी.
उन्होंने सभी को तीन महीने का वक्त देते हुए कहा था, कि अगले तीन महीनों में अस्पताल में मौजूद संसाधनों से ही बेहतर काम करें. डीएम ने कहा था कि प्रभावती अस्पताल को लेकर लगातार शिकायतें मिलती हैं. यहां के कर्मचारी मौजूद संसाधनों का भी उपयोग मरीजों की सेवा के लिए नहीं करते.
