बोधगया : मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के बारा गांव में बुधवार को एक मासूम बच्चे की हत्या कर किये जाने के मामले में दूसरे आरोपित गुड्डू चौधरी को भी पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है. उसे गुरुवार को भौरवार गांव से दबोचा गया. इस मामले में पहले आरोपित पिंटू चौधरी का मगध मेडिकल कॉलेज में पुलिस संरक्षण में इलाज चल रहा है.
वह बच्चे का शव बरामद होने के बाद भागने के क्रम में बिजली के एक पोल से टकरा कर पीसीसी सड़क पर गिर गया था. इसके बाद गांव के लोगों ने उसकी धुनाई कर दी थी. थानाध्यक्ष अबुजर हुसैन अंसारी ने बताया कि इस मामले में बच्चे के पिता उपेंद्र दास ने पिंटू चौधरी, उसके भाई गुड्डू चौधरी व पिंटू की मां को आरोपित बनाते हुए मामला दर्ज कराया है. उन्होंने बताया कि बच्चे का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया व पिंटू चौधरी की मां को अरेस्ट करने के लिए छापेमारी जारी है. मासूम बच्चे की हत्या के बारे में आरोपितों ने बताया है कि विगत होली में झगड़ा हुआ था और इसे लेकर उपेंद्र दास के बेटे की हत्या कर दी गयी.
हालांकि, अन्य सूत्रों से जानकारी मिली है कि मामला प्रेम प्रसंग का भी हो सकता है. गौरतलब है कि बुधवार की दोपहर बारा गांव के उपेंद्र दास का 37 महीने का बेटा गायब हो गया. उसकी खोजबीन शुरू कर दी गयी व बारा गांव के हर घर की तलाशी के दौरान पिंटू चौधरी के दुकान में एक बोरे में बंद बच्चे का शव बरामद किया गया. इसके बाद गांव में बवाल मच गया व बोधगया डीएसपी रवि शंकर प्रसाद के नेतृत्व में बोधगया थानाध्यक्ष शिव कुमार महतो, एमयू थानाध्यक्ष अबुजर हुसैन व चेरकी थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ बारा गांव में कैंप किया. पूरी रात पुलिस बारा गांव में जमी रही व गांव वाले मुआवजे के साथ डीएम व एसएसपी के आने की मांग पर अड़े रहे. इसके बाद गुरुवार को लोगों ने बच्चे का शव पुलिस को सौंपा और उसका पोस्टमार्टम कराया गया.
