गया : केंद्रीय वेतनमान के समान वेतन व केंद्रीय कर्मचारियों की तरह सुविधाएं दिये जाने की मांग को लेकर बैंक कर्मचारियों का दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के पहले दिन बुधवार को जिले के बाजारों में व्यापक असर पड़ा है. हड़ताल के पहले दिन जिले के विभिन्न सरकारी बैंकों के लगभग 68 शाखाओं में कार्यरत लगभग 1450 कर्मचारियों ने परोक्ष रूप से या फिर नैतिक समर्थन दिया. बैंकाें की हड़ताल के साथ-साथ सभी एटीएम में मुख्य द्वार पर ही ताला लटका रहा.
व्यावसायियाें की मानें तो बैंकों में हड़ताल के कारण बाजारों में खरीदारों की संख्या काफी कम रही. बैंकों की हड़ताल का सबसे ज्यादा असर यहां के व्यवसाय पर पड़ा है. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस गया जिला इकाई गया में बैंक हड़ताल की अगुवाई कर रहा है. यूनियन के संयोजक प्रमोद पांडेय के नेतृत्व में विभिन्न बैंकों के बैंक एंप्लाइज एसोसिएशन के पदाधिकारी घूम-घूम कर निजी बैंकों को बंद करवा कर आंदोलन को मजबूत किया. इस आंदोलन में मुख्य रूप से इनके अलावा ऑल इंडिया बैंक एंप्लाइज एसोसिएशन के पोखराज पांडे,गौरी शंकर प्रसाद, संजय कुमार, उपेंद्र कुमार, हीरालाल, संदीप कुमार,बैंक इंप्लाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया के पारसनाथ सिंह, नरेंद्र कुमार गुप्ता,जुगल सिंह, एनसीबीई के अंजनी सिंह, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर कॉन्फ़ेडरेशन के श्रीनिवास, डीएन मिश्रा, कुमार गौरव, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर एसोसिएशन के संजय सिन्हा आदि शामिल थे. इन नेताओं ने एसबीआई के मुख्य शाखा सहित कई बैंकों में जाकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी भी की.
