मानपुर : सोमवार की देर रात मानपुर जंक्शन पर यात्रियों की गयी तोड़फोड़ और सियालदाह-राजधानी के ऊपर रोड़ेबाजी मामले में मंगलवार को रेलवे के टेक्निकल इंजीनियर विपिन कुमार ने जांच की. श्री कुमार ने बताया कि यात्रियों व असामाजिक तत्वों के द्वारा पैनल सिस्टम, दो कुर्सी, घड़ी, दरवाजा, कागजात के अलावा टिकट काउंटर कमरे के अंदर लगे कंप्यूटर व प्रिंटर के अलावा अत्याधुनिक मशीन को नुकसान पहुंचाया है. सभी समान को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. इधर मंगलवार को सभी यात्री ट्रेन सुचारु रूप से गुजरता दिखा. वहीं स्टेशन पर यात्री कम दिखे. स्टेशन के अंदर काम करनेवाले कर्मचारी भयभीत दिखे.
गौरतलब है कि सोमवार को गया-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन को गया स्टेशन से निर्धारित समय पर न छोड़कर पांच घंटे विलंब से छोड़ा गया था. यही नहीं ट्रेन के मानपुर पहुंचने के बाद भी उसे दो घंटे तक खड़ा रखा गया था. इससे यात्री बुरी तरह से भड़क गये थे. गुस्साये यात्रियों ने मानपुर स्टेशन परिसर स्थित कार्यालय में घुस कर जम कर उत्पात मचाया था. मौके पर रेलवे पुलिस व बुनियादगंज पुलिस भी मोर्चा संभालने में जुटी थी. यात्रियों ने रेलवे पटरी पर आगजनी कर अपना विरोध जताया था.
यही नहीं गुस्साये यात्रियों मानपुर स्टेशन से क्रॉस कर रही सियालदाह-राजधानी के ऊपर पत्थरबाजी भी की थी. पत्थरबाजी की वजह से ट्रेन के शीशे की खिड़कियां चटक गयी थीं. ट्रेन के अंदर सफर कर रहे कई यात्री जख्मी हो गये थे. सोमवार की रात बारह बजे तक मानपुर स्टेशन पर उपद्रव जारी था. मौके पर वजीरगंज डीएसपी अभिजीत कुमार सिंह भी मोर्चा संभाले हुए थे.
1000 अज्ञात लाेगाें पर प्राथमिकी
इस घटना काे लेकर मानपुर स्टेशन प्रबंधक केके त्रिपाठी ने 1000 अज्ञात रेल यात्रियों पर रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. रेल थानाध्यक्ष परशुराम सिंह ने बताया कि मानपुर स्टेशन पर साेमवार की देर शाम हंगामा हुआ था. सियालदह-नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव करने के मामले में 1000 अज्ञात रेल यात्रियों पर प्राथमिकी दर्ज करायी है, उन्होंने बताया कि गया रेलवे स्टेशन से गया-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन साेमवार की शाम 5:56 में खुली थी जिसे मानपुर में उसे रोक दिया था. ट्रेन रोकने को लेकर आक्रोशित यात्रियों ने साेमवार की देर रात जम कर हंगामा किया था. हंगामा करने के मामले में अज्ञात रेल यात्रियों पर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इधर रेल एसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि रेल पुलिस व रेल अधिकारियों की एक टीम गठित की गयी है. उक्त टीम पूरे मामले की जांच कर रही है.
जो ट्रेनें हुईं प्रभावित
इस घटना के बाद शिप्रा एक्सप्रेस, जोधपुर हावड़ा एक्सप्रेस, देहरादून एक्सप्रेस, सियालदह एक्सप्रेस, कालका मेल, नीलांचल एक्सप्रेस, शालीमार एक्सप्रेस, मुंबई मेल, धनबाद लुधियाना एक्सप्रेस, अमृतसर टाटा एक्सप्रेस, गंगा दामोदर एक्सप्रेस सहित एक दर्जन से अधिक ट्रेनों का परिचालन दो से साढ़े चार घंटे तक प्रभावित रहने की विभागीय सूचना है.
