गया : अवैध निर्माण मामले में फर्जी नोटिस व इश्यू रजिस्टर में पहले से जगह खाली रखने के मामले में नगर आयुक्त ने जांच का आदेश दिया है. नगर आयुक्त डॉ ईश्वर चंद्र शर्मा ने कहा कि फर्जी नोटिस देने के मामले में संलिप्त कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है. इसके साथ ही सिटी मैनेजर को पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है.
गौरतलब है कि प्रभात खबर में रविवार के अंक में ‘अवैध निर्माण के नाम पर फर्जी नोटिस से निगम में चल रहा वसूली का खेल!’ नामक शीर्षक से संबंधित खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी.खबर के प्रकाशित होते ही नगर आयुक्त ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए सिटी मैनेजर को जांच करने का आदेश दिया है.
इधर संबंधित मामले में पार्षदों का कहना है कि नगर आयुक्त स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो बोर्ड की बैठक में मामले को प्रमुखता से उठाया जायेगा. ताकि बोर्ड में पार्षदों की कमेटी गठित कर मामले की जांच की जा सके.
गौरतलब है कि निगम में नियम के विपरीत निर्माण पर अवैध रूप से नोटिस जारी कर निर्माणकर्ताओं से नाजायज वसूली का खेल बहुत दिनों से चल रहा था. इसका खुलासा शहर के एक व्यवसायी द्वारा कराये जा रहे निर्माण के विरुद्ध जारी नोटिस से हुआ है.
