गया : देश में कच्चे तेल व रसोई गैस के कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में जन अधिकार पार्टी व युवा शक्ति के कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी,टम-टम व साइकिल पर सवार होकर जुलूस निकाला. गेवाल बिगहा बथान स्थित युवा शक्ति के कार्यालय से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग इलाके से होते हुए चौक पहुंचे.
इस प्रदर्शन में शामिल युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के दाम बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो गयी हैं. जनता के ही बदौलत सत्ता में बैठे लोग जनता की परेशानियों को भूल गये हैं. युवा शक्ति के जिलाध्यक्ष ओम यादव ने कहा कि केंद्र सरकार में बैठे ये वही लोग हैं जो पिछली सरकार में तेल और एलपीजी के दाम बढ़ने पर विरोध करते थे और अब मौन बैठे हैं.
जन अधिकार पार्टी के जिलाध्यक्ष भवानी सिंह ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में चल रही यह सरकार जनता को लूट कर अपना चुनावी खर्च जमा कर रही है. प्रदर्शन करनेवालों में जन अधिकार पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल प्रसाद यादव, युवा परिषद अध्यक्ष भोला यादव, देवनंदन यादव, मिथिलेश कुमार, सुनील सिंह, सन्नी राज, संतोष यादव, अरविंद कुमार व अन्य मौजूद थे.
