गया : मुगलसराय के वरीय मंडल अभियंता आलोक कुमार ने गया रेलवे स्टेशन स्थित लोको कॉलोनी, मार्शलिंग यार्ड, इंस्पेक्टर कॉलोनी, खरखुरा कॉलोनी सहित अन्य कॉलोनियों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान स्थानीय रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध क्वार्टरों को जल्द से जल्द तोड़ा जाये. साथ ही बिजली व पानी की कनेक्शन काटे जायें.
उन्होंने अवैध क्वार्टरों की सूची बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि सूची बनाकर मुगलसराय मुख्यालय को सौंपे. उन्होंने कहा कि जब तक बोरिंग नहीं होती है टैंकर को बुला कर कॉलोनियों में पानी दिया जाये. इसके बाद वरीय मंडल अभियंता ने टैंकर को बुला कर सभी कॉलोनियों में पाइप द्वारा घर-घर पानी दिलवाया.
नी के कर्मचारियों ने वरीय मंडल अभियंता से पानी की समस्याओं से अवगत कराया. कर्मचारियों ने कहा कि पानी के लिए सहायक मंडल अभियंता से कई बार गुहार लगायी गयी है पर , आश्वासन के सिवा उन्हें अबतक कुछ भी नहीं मिला है. यहां तक पानी के लिए गया-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन को भी रोका गया. ट्रेन रोके जाने के दौरान मौके पर पहुंच कर सहायक मंडल अभियंता विक्रम सेठ ने आश्वासन दिया कि पुरानी माल गोदाम रेलवे कॉलोनी में सुबह व शाम टैंकर भेजा जायेगा. एक दिन टैंकर को भेजा गया और दूसरे दिन से टैंकर का आना बंद हो गया. कर्मचारियों की समस्याएं सुन कर वरीय मंडल अभियंता ने बोरिंग लगाने का आश्वासन दिया.
दो दिनों के अंदर की जायेगी बोरिंग : वरीय मंडल अभियंता अालोक कुमार ने कर्मचारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि दो दिनों के अंदर नयी बोरिंग लगायी जायेगी. बोरिंग हो जाने के बाद पानी की समस्याएं दूर हो जायेंगी. मौके पर बोरिंग करनेवाले को बुलाया गया और बोरिंग का काम शुरू करने को कहा गया. उन्होंने कहा कि सोमवार से बोरिंग का काम शुरू हो जायेगा. उन्होंने रेलवे कर्मचारियों से अपील की कि यदि आप लोगों के समक्ष कोई समस्या आती है तो ट्रेन न रोकें. इससे रेल यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
