वजीरगंज : तरवां क्षेत्र के ढ़ाढ़र नदी के किनारे एक युवती के साथ अश्लील हरकत और मारपीट का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ है. वीडियो में युवती के साथ रहे उसके साथी के साथ युवकों द्वारा मारपीट भी की जा रही है. हालांकि, इस वीडियो की प्रशासनिक पुष्टि नहीं की गयी है.
वायरल हुए वीडियो में युवती अपने बचाव में संघर्ष कर रही है और चीख व चिल्ला रही है. लेकिन, आधे दर्जन से अधिक युवकों का झुंड युवती के साथ अभद्रता करने से बाज नहीं आ रहा है. इधर, ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासनिक महकमा द्वारा जांच के बाद मामला साफ हो जायेगा.
हालांकि, तरवां क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से कुछ लड़कों द्वारा मोटरसाइकिल सवार एक युवक को बंधक बना कर युवती से आये दिन छेड़छाड़ किये जाने का मामला सुना जा रहा है. इधर, वायरल हुए इस वीडियो को लेकर वजीरगंज थानाध्यक्ष से बातचीत की गयी, तो उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि वायरल हुए वीडियो के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है. दोषियों पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई
की जायेगी. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है. जल्द ही आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होंगे और पीड़िता को न्याय दिलाया जायेगा.
