भागलपुर: धनतेरस को लेकर दुकानों व शोरूम की ब्रांडिंग कर ली गयी. दुकानों में फूल-पत्ती, रंग-बिरंगी रंगोलियां सज गयी है. धनतेरस के बहाने बाढ़ व सुखाड़ का दंश झेल रहे बाजार को उबारने की पूरी तैयारी की गयी है़ सर्राफा, बरतन, रियल इस्टेट, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक-इलेक्ट्रीकल, फर्नीचर-फर्निसिंग व सजावटी सामान का कारोबार आशा से अधिक बढ़ने की उम्मीद है. ऐसे में धनतेरस बाजार में 300 करोड़ से अधिक कारोबार की संभावना जतायी गयी है.
सर्राफा बाजार में गहनों की जादुई चमक बिखेर रही है. शनिवार को होने वाले धनतेरस के अवसर पर ग्राहकों को कोई कमी नहीं होने दी जायेगी. चाहे इलेक्ट्रॉनिक व इलेक्ट्रीकल व्यावसायिक प्रतिष्ठान हो, लग्जरी गाड़ियों के शोरूम हो या मेगा शॉपिंग मॉल, बर्तन, गहनों व मिठाइयों की दुकान ही क्यों नहीं हो. सभी अपनी-अपनी तरह से धनतेरस को यादगार बनाने और ग्राहकों को आकर्षित करने में जुटे हैं.
रियल इस्टेट सेक्टर में निवेश करने का बढ़ा रूझान
इस बार धनतेरस में रियल इस्टेट उबरता हुआ दिख रहा है़ क्रेडाई के अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने बताया कि कोरोना के कारण रियल इस्टेट की मांग में कमी आयी थी, लेकिन इस बार धरतेरस में एक बार फिर पुराने तेवर में लौटता हुआ दिख रहा है़ उम्मीद है कि धनतेरस पर लगभग 30 करोड़ के फ्लैट-दुकान बुक होंगे. 40 करोड़ की जमीन बिक्री होगी.
सड़क पर उतरेगी 4500 टू-व्हीलर व 400 फोर-व्हीलर गाड़ियां
अब तक 2500 से अधिक टू व्हीलर एवं 400 से अधिक फोर व्हीलर की बुकिंग कर ली गयी है. धनतेरस से पहले 300 टू-व्हीलर गाड़ियों की डिलीवरी हो गयी है. बाजार विशेषज्ञों की मानें तो धनतेरस पर 4500 टू-व्हीलर गाड़ियों की डिलीवरी होगी. धनतेरस के दिन सैकड़ों गाड़ियों की डिलीवरी से 50 करोड़ से अधिक कारोबार की संभावना है. हीरो शोरूम के जीएम कन्हैया लाल ने बताया कि धनतेरस को लेकर पूरे जिले में 2000 गाड़ियां केवल हीरो के बिकेंगे. एक दिन पहले 100 गाड़ियों की डिलिवरी हुई़ बजाज, होंडा, सुजुकी, बुलेट, यामाहा व टीवीएस आदि कंपनी की बाइक की डिलिवरी शुरू हो गयी है.
लग्जरी गाड़ियों की बढ़ी मांग, बुकिंग अधिक, स्टॉक हुआ कम
फोर व्हीलर में टाटा मोटर्स के सेल्स मैनेजर संजीत कुमार ने बताया कि उनके यहां से 125 गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है. स्टॉक कम होने के कारण धनतेरस पर 75 गाड़ी ग्राहकों को उपलब्ध कराया जायेगा. इससे पांच करोड़ से अधिक का कारोबार होगा. टाटा में नेक्सॉन, पंच, टियागो, टिगोर, अल्टरोज व सफारी आदि पसंद किये जा रहे हैं. इस बार नेक्सॉन, सफारी व हेरियर में जेट एडिशन की गाड़ी आयी है. इसके अलावा पंच का माॅडल पसंद आ रहा है. निश्चित उपहार व कैश डिस्काउंट दी जा रही है.
बर्तन व इलेक्ट्रॉनिक बाजार से होगा 15 करोड़ का कारोबार
धनतेरस को लेकर बर्तन व इलेक्ट्रॉनिक आइटम से 15 करोड़ का कारोबार की संभावना है. धातु के बरतन से लेकर इलेट्रॉनिक बरतन की दुकानें सज गयी है. इलेक्ट्रीकल के संचालक नवनीत ढांढनिया ने बताया कि इस बार भी धनतेरस को लेकर मिक्सी, माइक्रोवेब ओवेन, गैस चूल्हा, जूसर, इंडेक्शन कूकर आकर्षण का केंद्र है.
कपड़ा सुखाने की मशीन का जोर, दही तैयार करने वाली फ्रिज का क्रेज
इलेक्ट्रॉनिक बाजार में एलइडी-टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन आदि की मांग बढ़ गयी है. आदित्य विजन के मैनेजर गंगा प्रसाद ने बताया कि संभ्रांत वर्ग के ग्राहकों को 55 से 75 इंच की एलइडी खूब पसंद आ रही है. 75 इंच की एलइडी टीवी 95 हजार रुपये में तो 55 इंच की 45 हजार में उपलब्ध है. सभी पर 20 प्रतिशत कैशबैक की सुविधा दी गयी है. दही जमाने वाली फ्रिज की मांग भी बढ़ गयी है. यह एक लाख दो हजार रुपये में उपलब्ध है. 100 प्रतिशत तक कपड़ा सुखाने वाला ड्रायर 22 हजार में उपलब्ध है, जिस पर 10 प्रतिशत कैश बैक व चार साल की वारंटी दी जा रही है. डायर वाली वाशिंग मशीन 68 हजार रुपये में उपलब्ध है. साइड बाइ साइड फ्रिज 75 हजार में उपलब्ध है. वहीं निम्न मध्यवर्गीय लोगों को 20 से 32 इंच की एलइडी खूब भा रहा है. शहर में अन्य इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में भी आइटम का स्टॉक बढ़ा लिया गया है.
