Darbhanga News: दरभंगा जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अलीनगर वार्ड नंबर-1 निवासी 25 वर्षीय जितेंद्र पासवान की एनएच-27 पर संदिग्ध परिस्थितियों में घायल मिलने के बाद डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई. जितेंद्र स्वर्गीय रामविलास पासवान के पुत्र थे. गंभीर हालत में परिजन उन्हें तुरंत डीएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
NH 27 Accident Darbhanga: घर में चल रही थी कुलदेवता की पूजा की तैयारी
बताया जाता है कि जितेंद्र के घर में कुलदेवता की पूजा को लेकर जागरण कार्यक्रम की जोरदार तैयारी चल रही थी. इसी दौरान परिजनों ने उन्हें घर पर नहीं पाया. काफी देर तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की. जब परिजन एनएच-27 के पास पहुंचे तो जितेंद्र सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले. इसके बाद उन्हें बिना देर किए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
DMCH Medical College: बेंता थाने की पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही बेंता थाना की पुलिस तुरंत डीएमसीएच पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. हादसे के बाद जिस घर में पूजा और जागरण की खुशियां और तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है.
आठ महीने पहले हुई थी शादी, हादसे के कारणों की जांच जारी
परिजनों के अनुसार मृतक जितेंद्र की शादी महज आठ महीने पहले मधुबनी जिले के साहरघाट थाना क्षेत्र के सोनई गांव में हुई थी. उनके पिता की करीब 25 वर्ष पहले बीमारी से मौत हो गई थी. जितेंद्र तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे और सभी भाई-बहनों की शादी हो चुकी थी. हालांकि, जितेंद्र एनएच-27 पर किन परिस्थितियों में घायल हुए, इसका अब तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है. पुलिस दुर्घटना की आशंका जताते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना के असली कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.
