दरभंगा न्यूज: बहेड़ी थाना क्षेत्र के बलिगांव में गुरुवार देर रात विषैले सांप के डंसने से 35 वर्षीय ममता देवी की मौत हो गई. सांप के डंसने के बाद गंभीर हालत में परिजन उन्हें डीएमसीएच ले गए, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
फर्श पर सोते समय सांप ने डंसा
मृतका की पहचान बलिगांव निवासी स्वर्गीय सुधीर साहू की पत्नी ममता देवी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, गुरुवार देर रात ममता देवी अपने दो छोटे बच्चों और ननद की बेटी के साथ घर के फर्श पर सो रही थीं.
इसी दौरान विषैले सांप ने उनके दाहिने पैर में डंस लिया. पैर में तेज दर्द होने पर उन्होंने अपनी बेटी को जगाया. बेटी के जागने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी हुई.
रात में डीएमसीएच ले गए परिजन
सांप के डंसने की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग ममता देवी को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने तत्काल उनका उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी रही.
शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान ममता देवी की मौत हो गई. मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. गांव में भी घटना के बाद शोक की लहर है.
चार साल पहले पति की हो चुकी थी मौत
परिजनों के अनुसार, ममता देवी के पति सुधीर साहू की करीब चार वर्ष पहले बीमारी से मौत हो गई थी. इसके बाद वह अकेले ही अपने दोनों बच्चों की देखभाल और परवरिश कर रही थीं. उनके एक बेटा और एक बेटी है.
ममता देवी की मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है. मृतका के चचेरे भैंसुर ने बताया कि सुधीर साहू की बीमारी से मौत के बाद ममता ने ही बच्चों की जिम्मेदारी संभाली थी.
ग्रामीणों ने मांगी आर्थिक सहायता
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
यह भी पढ़ें:
कृष्ण जन्मोत्सव क्विज में एलाइट क्लासेज का जलवा, विजेताओं को मिला पुरस्कार
