दरभंगा. सर्वोच्च न्यायालय में विशेष लोक अदालत व जिला न्यायमंडल में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर सोमवार को जिला व सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष विनोद कुमार तिवारी ने न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक की. इसमें डीजे ने कहा कि आगामी 29 जुलाई से तीन अगस्त तक सर्वोच्च न्यायालय में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है. इसके लिए आमजन तक संदेश जाना आवश्यक है. वहीं इसकी सफलता को लेकर हरसंभव प्रयास किया जायेगा. उन्होंने कहा कि जिला न्याय मंडल में इस वर्ष का दूसरा राष्ट्रीय लोक अदालत 13 जुलाई को आयोजित किया जायेगा. इसमें सभी न्यायालयों में सुलह योग्य मुकदमों को चिन्हित कर पक्षकारों को नोटिस भेजा जाना है. इस कार्य के लिए सभी न्यायालयों में पारा विधिक स्वयंसेवकों को प्रतिनियुक्त किया गया है. उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारी से अपने स्तर से मॉनिटरिंग कर अधिक से अधिक शमनीय मुकदमों के पक्षकारों को नोटिस कराने, पक्षकारों के साथ प्री-काउंसलिंग करने, प्री-काउंसलिंग के जरिए पक्षकारों को लोक अदालत के लाभों से अवगत कराने की अपील की. मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रंजन देव सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
