Darbhanga News: अलीनगर. स्थानीय राजस्व हाट की जमीन पर अवैध कब्जा करने को लेकर मंगलवार की देर रात एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच विवाद हो गया. मारपीट के साथ रोड़ेबाजी की जाने लगी. सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस को इसे शांत कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. चार थानाें की पुलिस बुलायी गयी. एसडीपीओ आशुतोष कुमार भी पहुंचे. इसके बाद मामला शांत हुआ. घटना में शामिल एक पक्ष के लाल मोहम्मद, मो. हसन रजा, मो. नौशाद, मो. रजाउद्दीन उर्फ राजा, मो. आसिफ तथा दूसरे पक्ष के मो. रफीक अंसारी व मो. मुजाहिद उल इस्लाम फरीदी को पुलिस अभिरक्षा में बहेड़ा थाना ले जाया गया. घटना को लेकर सीओ कुमार शिवम ने प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें एक पक्ष के 18 लोगों को नामजद किया गया है. इसमें मोतिउर रहमान, लाल मोहम्मद, हसन रेजा, मो. राजाउद्दीन समेत 10 अज्ञात शामिल है. वहीं दूसरे पक्ष के 14 लोगों को नामजद किया गया है. इसमें मुजाहिदुल इस्लाम फरीदी, खालिद फरीदी, शमसी, वसीम अख्तर, मकसूद आलम नैन आदि समेत 10 अज्ञात शामिल है. आवेदन में बताया गया है कि हाटगाछी के जीविका कार्यालय के सामने मुर्गा मांस की दुकान को हटाकर दूसरी तरफ लगाने के लिए एक टेलर मिट्टी दुकानदार द्वारा गिरायी गयी थी. इसके बाद वहां मोतीउर रहमान द्वारा तीन-चार टेलर मिट्टी गिरायी गयी. उसपर टेंट लगाकर उसमें बाल्टी की दुकान खोल दी गयी. मोती रहमान ने शिकायत दर्ज करायी थी कि इस जगह के पीछे उसकी निजी जमीन है. स्वामित्व को लेकर इलाही बख्श से टाइटल वाद चल रहा है. ऐसे में फ्रंट पर किसी का कब्जा करना नाजायज है. यह भी कहा गया कि मामला लगभग सुलझ गया था, किंतु अंचल कार्यालय से निकलने के बाद लोगों ने रफीक अंसारी के साथ बात बढ़ा ली थी. इसमें पहल कर शांत कर दिया गया था. वहीं इसी बात को लेकर माेतिउर रहमान के पुत्र आरजू व एखलाकुर रहमान नए समूह बनाकर मुजाहिद उल इस्लाम के घर पर पहुंच कर विवाद शुरू कर दिया. उल्लेखनीय है कि घर पर विवाद होने से पहले हाट मैदान में ईद पर लगे मेले में ही मुजाहिद के परिवार के एक लड़के के साथ किसी मामूली बात पर मोतीउर रहमान के परिवार के बच्चों ने ज्यादती की थी. बाद में समूह बनाकर घर पर पहुंच गए और मारपीट की घटना को अंजाम दिया. स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गयी कि रोड़ेबाजी होने लगी. बहेड़ा, सकतपुर, वाजिदपुर और नेहरा थाना की पुलिस को भी बुलाना पड़ा. एसडीपीओ आशुतोष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. देर रात उपद्रव करने वालों को दबोच कर पुलिस अपनी अभिरक्षा में ले गयी. इसके बाद माहौल शांत हुआ. घटना से संबंधित मुकदमे में नाम शामिल होने के भय से बुधवार की सुबह स्थानीय बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रही. बाजार में सन्नाटा पसरा रहा. मेले में लगे झूले आदि को भी व्यवसायी हटाकर ले जाने में लगे हुए हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
