Darbhanga: सज-धजकर बाजार तैयार, धनतेरस पर आज होगी धनवर्षा

धनतेरस को लेकर बाजार सज-धजकर तैयार हो गया है. दीपोत्सव से दो दिन पूर्व यानी 18 अक्तूबर शनिवार को कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी पर जमकर धनवर्षा की उम्मीद है.

दरभंगा. धनतेरस को लेकर बाजार सज-धजकर तैयार हो गया है. दीपोत्सव से दो दिन पूर्व यानी 18 अक्तूबर शनिवार को कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी पर जमकर धनवर्षा की उम्मीद है. कारोबारियों ने इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. दुकान में अतिरिक्त स्टॉक पहले से ही फुल कर रखा है. बिजली बत्ती से आकर्षक साज-सज्जा की गयी है. कच्चे फूलों से भी दुकानों की सजावट की गयी है. धनतेरस पर ग्राहकों की उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त काउंटर बनाये गये हैं. उल्लेखनीय है कि धनतेरस पर परंपरा के अनुसार लोग नई सामग्रियों के साथ धन की देवी लक्ष्मी का आवाहन अपने-अपने घरों में करते हैं.

लगाये गये अतिरिक्त काउंटर

इस वर्ष धनतेरस पर जुटने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए खासकर इलेक्ट्रॉनिक सामग्रियों की दुकान एवं बरतन की दुकानों में अतिरिक्त काउंटर बनाये गये हैं. रंगीन कपड़ों से सजावट कर बांस-बल्ला से अस्थायी काउंटरों पर कारोबारियों ने अतिरिक्त कर्मियों को भी तैनात कर लिया है. इससे खरीदारी करने पहुंचने वालों को अधिक समय नहीं लगेगा.

जीएसटी में कमी से कारोबार में उछाल की उम्मीद

इस बार जरूरी सामानों की कीमत में कमी आयी है. केंद्र सरकार के स्तर से शारदीय नवरात्र के पहले दिन जीएसटी के स्लैब में की गयी कमी से कारोबार में पिछले सालों की तुलना में उछाल आने की पूरी संभावना है. बता दें कि वाहन से लेकर बरतन एवं इलेक्ट्रॉनिक सामग्रियों की कीमत में कमी आयी है.

एक अरब से उपर पहुंचेगा कारोबार

धनतेरस पर एक अरब से अधिक के कारोबार की संभावना है. एक अनुमान के मुताबिक 35 करोड़ से अधिक की ज्वेलरी, 75 करोड़ के दोपहिया तो 50 करोड़ के चारपहिया वाहन के बिकने की संभावना जतायी जा रही है. वहीं इलेक्ट्रॉनिक सामानों का कारोबार 50 करोड़ तो 25 करोड़ के बरतन के साथ 50 लाख से अधिक के झाड़ू बिकने की उम्मीद है.

एडवांस बुकिंग कराने वालों के लिए अलग प्रबंध, उपहार की भी व्यवस्था

धनतेरस पर नये सामान के साथ धन की देवी लक्ष्मी को घर लाने के लिए एडवांस बुकिंग कराने वाले खरीदारों को सुविधा प्रदान करने के नजरिए से कारोबारियों ने अलग प्रबंध कर रखा है. वहीं अग्रिम बुकिंग करा चुके ग्राहकों के लिए उपहार की भी व्यवस्था है. मिठाई के पैकेट के अलावा बड़ी खरीदारी करने पर कैश बैक सहित अन्य उपहार दिये जायेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANJEET THAKUR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >