Darbhanga News: एलसीएस काॅलेज में फंस गया शिक्षाविद सदस्य के संवाचन का मामला

Darbhanga News:एलसीएस कॉलेज में शिक्षाविद सदस्य के संवाचन का मामला फंस गया है. इसके कारण शिक्षाविद सदस्य का संवाचन नहीं हो सका.

Darbhanga News: दरभंगा. एलसीएस कॉलेज में शिक्षाविद सदस्य के संवाचन का मामला फंस गया है. इसके कारण शिक्षाविद सदस्य का संवाचन नहीं हो सका. बताया जाता है कि शिक्षाविद सदस्य के संवाचन को लेकर शासी निकाय सदस्यों के बैठक की तय तिथि दो बार रद्द हो गयी. तीसरी तिथि में 15 सितंबर को बैठक तो हुई, लेकिन शिक्षाविद सदस्य का संवाचन नहीं हो सका. बताया जाता है कि शिक्षाविद सदस्य के नाम पर सदस्य दो पक्षों में बंट गये. विवि की ओर से नामित जनप्रतिनिधि एवं विवि प्रतिनिधि एक पक्ष में तो प्रधानाचार्य एवं शिक्षक प्रतिनिधि दूसरे नाम के पक्ष में थे. जबकि सरकारी प्रतिनिधि दोनों पक्षों के बीच तकरार को देखते हुए साइड हो लिये. दोनों गुट एक- दूसरे के उम्मीदवार को स्वीकार नहीं किये. इस कारण शिक्षाविद का संवाचन नहीं हो सका.

शिक्षक एवं कर्मचारियों ने जनप्रतिनिधि एवं विवि प्रतिनिधि का किया विरोध

इधर, कॉलेज के शिक्षक एवं कर्मचारी संघ की ओर से अध्यक्ष राकेश रोशन, सचिव रामबाबू राय सहित अन्य ने शिक्षाविद् के चयन में नियमों की अवहेलना एवं जनप्रतिनिधि द्वारा अनावश्यक हस्तक्षेप के विरोध पर चिंता व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से शिकायत की है. कहा है कि जनप्रतिनिधि सदस्य सुनील चौधरी बारहवीं पास स्थानीय मुखिया पति इंद्रजीत कुमार यादव को शिक्षाविद् के रूप में मनोनीत करने का अनुचित दबाव बना रहे हैं. यह नियमों और शैक्षणिक मानकों के पूर्णतः विरुद्ध है. प्रधानाचार्य एवं शिक्षक प्रतिनिधि ने इसका विरोध करते हुए योग्य, उच्च शिक्षित एवं अनुभवी शिक्षाविद् का नाम प्रस्तावित किया. बावजूद जनप्रतिनिधि सदस्य जिद पर अड़े रहे. धमकी दी गयी यदि उनके द्वारा प्रस्तावित नाम को संवाचित नहीं किया गया, तो वे एडहॉक कमेटी बनवाकर उसमें इसे सदस्य/सचिव नियुक्त कर देंगे. कहा है कि जनप्रतिनिधि का विवि प्रतिनिधि डॉ दिलीप कुमार चौधरी सहयोग कर रहे थे. इस दौरान एसडीओ भी मौजूद थे. बाद में चुनाव नहीं हो सका. शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन कर जनप्रतिनिधि द्वारा किए जा रहे अनुचित दबाव का प्रतिवाद किया.

जनप्रतिनिधि सदस्य को हटाने की मांग

शिक्षक संघ ने कहा है कि यदि किसी रूप में इंद्रजीत कुमार यादव को शासी निकाय या तदर्थ समिति में शामिल किया गया, तो कॉलेज का शैक्षणिक कार्य एवं विकास अवरुद्ध होगा. शिक्षकों का मनोबल गिरेगा. शिक्षक एवं कर्मचारी संघ ने शासी निकाय में नामित जनप्रतिनिधि सदस्य पद से सुनील चौधरी को हटाने की मांग की है. कहा है कि यदि सुनील चौधरी को जनप्रतिनिधि सदस्य के रूप में विश्वविद्यालय द्वारा बनाए रखा गया, तो शिक्षक संघ धरना-प्रदर्शन करेगा. साथ ही आवश्यक नियमानुकूल कार्रवाई के लिये स्वतंत्र होगा.

18 को बैठक, 19 से कॉलेज का कामकाज होगा ठप

जानकारी के अनुसार विवि के गांधी सदन में 18 सितंबर को बैठक कर शिक्षाविद के संवाचन की प्रक्रिया पूरी की जायेगी. उधर, शिक्षाकर्मियों का कहना है कि 19 सितंबर से कॉलेज का कामकाज ठप कर आंदोलन किया जायेगा.

कहते हैं विप सदस्य

नियम के अनुकूल ही शिक्षाविद के संवाचन की प्रक्रिया की जा रही थी. इसका शिक्षाकर्मियों ने विरोध किया.

सुनील चौधरी, विप सदस्य

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >