दरभंगा जिला के सुपौल-बेनीपुर मुख्य पथ पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. शिवनगर घाट के पास हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक पर सवार 15 वर्षीय छात्रा नेहा कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई. मृतका सोनकी थाना क्षेत्र के चिगरी गांव निवासी कुशेश्वर चौपाल की पुत्री थी.
पिता के साथ मंदिर जा रही थी छात्रा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नेहा अपने पिता कुशेश्वर चौपाल के साथ बाइक पर सवार होकर बाबा नगरी कुशेश्वरस्थान में पूजा-अर्चना करने जा रही थी. जैसे ही उनकी बाइक शिवनगर घाट के समीप पहुंची, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर की तेज आवाज सुनते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि नेहा उछलकर सड़क पर दूर जा गिरी. उसके सिर के पिछले हिस्से से भारी रक्तस्राव होने लगा, दोनों कानों से खून बह रहा था और पीठ पर भी काफी गंभीर चोटें आई थीं. इस हादसे में पिता कुशेश्वर चौपाल को मामूली चोटें आई हैं.
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बिरौल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान अवस्था में नेहा को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल बेनीपुर भिजवाया. हालांकि, वहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया.मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि यह घटना सड़क दुर्घटना से जुड़ी है. अज्ञात वाहन के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. दुर्घटनाकारित वाहन और चालक की पहचान करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
गांव में पसरा मातम, स्पीड ब्रेकर की मांग
हादसे की खबर जैसे ही चिगरी गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम पसर गया. मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोगों ने प्रशासन से मार्ग पर दौड़ने वाले तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और शिवनगर घाट के समीप अविलंब स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराने की पुरजोर मांग की है
