लैपटॉप चोरी के शक में छात्र से मारपीट का आरोप, प्रधानाध्यापक के खिलाफ बीईओ से शिकायत

दरभंगा के सदर प्रखंड में एक प्रधानाध्यापक पर 15 वर्षीय छात्र से लैपटॉप चोरी के शक में बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है. छात्र के पिता ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है.

Darbhanga News: सदर प्रखंड के बिजुली गांव निवासी पवन कुमार यादव ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बिजुली के प्रधानाध्यापक पर अपने नाबालिग पुत्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) से कार्रवाई की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने लिखित आवेदन सौंपा है.

कार्यालय बुलाकर पिटाई करने का आरोप

आवेदन में कहा गया है कि उनका 15 वर्षीय पुत्र अमित कुमार विद्यालय में कक्षा 10 का छात्र है और पहली कक्षा से वहीं पढ़ाई कर रहा है. आरोप है कि शुक्रवार को करीब 11 बजे प्रधानाध्यापक ने छात्र को कार्यालय में बुलाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की. शिक्षकों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ.

लैपटॉप चोरी के संदेह में प्रताड़ना का आरोप

परिजनों के अनुसार घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र को घर लाकर प्राथमिक उपचार कराया गया. तबीयत में सुधार नहीं होने पर शनिवार को सदर पीएचसी में उसका इलाज कराया गया.

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय का एक लैपटॉप करीब दस दिन पहले चोरी हो गया था. इसी चोरी के संदेह में छात्र को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया.

सोमवार को होगी जांच

प्रभारी बीईओ राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच सोमवार को की जाएगी. जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ashok kumar jha

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >