बिरौल. आसन्न विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन के अंतिम दिन शुक्रवार को गौड़ाबौराम विस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुजीत कुमार ने नामांकन पर्चा दाखिल किया. नामांकन के बाद खोड़ागाछी मैदान में उनके समर्थन में सभा का आयोजन किया गया. अध्यक्षता जदयू प्रखंड अध्यक्ष कामरान खान तथा संचालन माधव चौधरी व मणिकांत मिश्र ने किया. इसमें मुख्य अतिथि भोजपुरी सिने स्टार एवं गोरखपुर सांसद रवि किशन थे. वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान, सांसद गोपालजी ठाकुर, एमएलसी सुनील चौधरी, केवटी के निवर्त्तमान विधायक मुरारी मोहन झा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, निवर्तमान विधायक स्वर्णा सिंह समेत कई नेता मंचस्थ थे. मौके पर रवि किशन ने कहा कि उन्हें यूपी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भेजा है, ताकि वे गौड़ाबौराम की जनता तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पहुंचा सकें. उन्होंने भोजपुरी अंदाज में युवाओं को उत्साहित करते हुए कहा कि ई महादेव के धरती बा, इहां बस महादेव के चलेला. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास की नई गाथा लिखी गयी है. अब जंगलराज लौटने वाला नहीं है. वहीं एमएलसी सुनील चौधरी ने कहा कि सुजीत कुमार ने सेवा का त्याग कर राजनीति को चुना है, यह जनता के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिचायक है. सांसद गोपालजी ठाकुर ने कहा कि कोसी क्षेत्र के विकास की गति को और तेज करने के लिए भाजपा प्रत्याशी को जिताना जरूरी है. इस दौरान भाजपा जिला प्रभारी राजीव रंजन साह, विधानसभा प्रभारी माधव चौधरी, मंडल अध्यक्ष प्रवीण कुंवर, जेडीयू के कामरान खान, मनोज सहनी, मिथिलेश झा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.