दरभंगा: मां-बेटे की मौत से सिमरी गांव में पसरा मातम, पति का शव देख निधि बोलीं- सानू उठो न

दरभंगा में सड़क दुर्घटना ने एक परिवार को उजाड़ दिया, जहां मां-बेटे की मौत से गांव में मातम छा गया. पति का शव देखते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. दर्दनाक घटना का वर्णन.

दरभंगा: सड़क दुर्घटना में शनिवार की दोपहर हुई मां-बेटे की मौत के बाद शव सिमरी पहुंचते ही कोहराम मच गया. हृदय विदारक घटना से पूरा गांव स्तब्ध था. मृतक पुनीत स्पर्श की पत्नी निधि सिंहा रविवार की सुबह अपने दुधमुंहे बच्चों के साथ नैहर से सिमरी पहुंचीं. पति का शव देखते ही वह बिलख उठीं. उनकी करुण चित्कार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आयीं.

पति का शव देखते ही बिलख उठीं निधि

परिवार में अब निधि और उनके दो छोटे बच्चों के अलावा कोई नहीं बचा है. घर पहुंचते ही निधि पति के शव से लिपटकर रोने लगीं. वह बार-बार कह रही थीं, तुम मुझे अकेला छोड़कर कैसे जा सकते हो. अब मैं इन दोनों बच्चों को अकेले कैसे संभालूंगी.

निधि बार-बार पुकारती रहीं, सानू उठो न, हम बौआ के साथ आ गये हैं. उन्होंने कहा कि जब पति से बात हुई थी तो उन्होंने कहा था कि अब घर पहुंच रहे हैं, फिर कहां चले गये. यह कहते हुए वह बार-बार बेहोश हो जाती थीं. परिजन उन्हें संभालते रहे.

होश में आने के बाद भी उनका विलाप थम नहीं रहा था. वह बच्चों शिवी और शिवालिका को याद करते हुए कह रही थीं कि अब उनके लिए टॉफी और कपड़े कौन लाकर देगा. यह दृश्य देखकर सगे-संबंधी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और ग्रामीण अपनी रुलाई नहीं रोक सके.

झपकी आने से पुल की रेलिंग तोड़ नीचे गिरी कार

बताया जाता है कि प्लस टू उच्च विद्यालय सिंहवाड़ा में अंग्रेजी की शिक्षिका मधु वर्मा पटना में अपने भाई को राखी बांधकर पुत्र पुनीत स्पर्श के साथ घर लौट रही थीं. कार पुनीत स्पर्श चला रहे थे.

बेनीबाद थाना क्षेत्र के ठीकापाही गांव के निकट पुनीत को झपकी आ गयी. इसके बाद कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गयी. हादसे में मधु वर्मा की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि गंभीर रूप से घायल पुनीत स्पर्श ने एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

मां और पिता की मौत से दुधमुंहे बच्चों शिवी और शिवालिका के सिर से दादी और पिता का साया उठ गया. ग्रामीण इस घटना को गांव में हुई अब तक की सबसे दुखद घटनाओं में से एक बता रहे हैं.

एक साथ निकलीं मां-बेटे की दो अर्थियां

रविवार की दोपहर घर से मां-बेटे की दो अर्थियां एक साथ निकलीं. गांव में ही दोनों की चिताएं तैयार की गयीं और अंतिम संस्कार किया गया. चाची मधु वर्मा और चचेरे भाई पुनीत को स्पर्श कुमार ने मुखाग्नि दी.

शवों को घर से निकालने के समय निधि एक बार फिर बेहाल हो गयीं. वह लोगों से अनुनय करते हुए कहती रहीं कि पुनीत उठेगा, इसे मत ले जाइये. परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें संभाला, जिसके बाद दोनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया.

यह भी पढ़ें

पुल की रेलिंग से टकराकर पानी में गिरी कार, शिक्षिका मां और बेटे की मौत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajay yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >