दरभंगा: श्रवण राम हत्याकांड का खुलासा, मुजफ्फरपुर का शातिर बदमाश गिरफ्तार

दरभंगा पुलिस ने श्रवण राम हत्याकांड में मुजफ्फरपुर के एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से पिस्टल, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है. पढ़ें पूरी खबर…

दरभंगा से कुमार रोशन की रिपोर्ट

Darbhanga News: श्रवण राम हत्याकांड में दरभंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मामले में एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला है.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हीरालाल उर्फ रोहित उर्फ पन्नू सिंह उर्फ चुन्नू सिंह उर्फ केशव कुमार के रूप में हुई है.

हथियारों का जखीरा बरामद

गुरुवार को राजीव कुमार ने बहादुरपुर थाना में प्रेस वार्ता कर बताया कि आरोपी की निशानदेही पर तीन पिस्टल, 79 जिंदा कारतूस, पांच मैगजीन, घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक, फर्जी नंबर प्लेट, काले रंग की स्कॉर्पियो और अपराध में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं.

एसआईटी ने ऐसे सुलझाया मामला

घटना के बाद जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी के निर्देश पर अशोक कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था.

टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान की. जांच के दौरान पुलिस बहादुरपुर थाना क्षेत्र के एक किराये के मकान तक पहुंची, जहां से आरोपी को गिरफ्तार किया गया.

कई जिलों में फैला है नेटवर्क

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश अपने गिरोह के साथ दरभंगा, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी में चेन स्नेचिंग, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था. उसके खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं.

पूछताछ में आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. पुलिस फरार अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

13 मई को हुई थी हत्या

बताया गया कि 13 मई को बाइक सवार बदमाश गोड़ियारी निवासी अमित कुमार से चेन छीनने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान बचाव करने पहुंचे चाय दुकानदार श्रवण राम को अपराधियों ने गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी.

घटना के दौरान अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग की थी. अमित कुमार बाल-बाल बच गए थे.

भूमि विवाद की चर्चा पर लगा विराम

घटना के बाद इलाके में भूमि विवाद को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए स्पष्ट किया कि घटना चेन स्नेचिंग के दौरान हुई थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >