Darbhanga News: लगातार हो रही बारिश ने जाले प्रखंड क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति उजागर कर दी है. ब्रह्मपुर पश्चिमी पंचायत से राढ़ी दक्षिणी, राढ़ी उत्तरी होते हुए ढ़ढ़िया-बेलवारा पंचायत के मिल्की गांव तक जाने वाली प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क कई स्थानों पर जलमग्न हो गई है. सड़क पर घुटने तक पानी जमा रहने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है.
छात्र-छात्राओं को हो रही सबसे अधिक परेशानी
सबसे अधिक परेशानी राढ़ी दक्षिणी पंचायत के बिहारी और नरौछ गांव में देखी जा रही है. सड़क पर जलजमाव के कारण विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं की आवाजाही प्रभावित हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि गंदे पानी और संक्रमण की आशंका के कारण कई अभिभावक बच्चों को विद्यालय भेजने से बच रहे हैं.
जल निकासी नहीं होने से बिगड़ रही सड़क
लगातार जलभराव का असर सड़क की गुणवत्ता पर भी दिखाई देने लगा है. कई स्थानों पर कालीकरण की परत उखड़ने लगी है. ग्रामीणों के अनुसार कहीं नाला सड़क से ऊंचा है तो कहीं जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है. बिहारी गांव में बने कई स्पीड ब्रेकर भी पानी की निकासी में बाधा बन रहे हैं, जिससे बारिश का पानी सड़क पर ही जमा रहता है.
स्थायी समाधान की मांग
राढ़ी उत्तरी पंचायत के जहांगीर टोला स्थित खजुरवाड़ा मोड़ पर भी भारी जलजमाव बना हुआ है. वहीं खजुरवाड़ा गांव में बारिश के दौरान सड़क किनारे के घरों से मिट्टी बहकर सड़क पर फैल जाने से कीचड़ हो गया है, जिससे विशेषकर बाइक चालकों के फिसलने का खतरा बढ़ गया है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने और पूरी सड़क का पीसीसी निर्माण कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि निकासी व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो हर वर्ष बारिश में सड़कें क्षतिग्रस्त होती रहेंगी और सरकारी धन की बर्बादी होती रहेगी.
