Darbhanga: छठ पर यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर 28 अक्तूबर से नहीं जारी होगा प्लेटफॉर्म टिकट

मस्तीपुर रेल मंडल ने प्रमुख स्टेशनों मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा एवं सीतामढ़ी में प्लेटफॉर्म टिकट को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है

दरभंगा. छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों की संभावित अत्यधिक भीड़ को ध्यान में रखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल ने प्रमुख स्टेशनों मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा एवं सीतामढ़ी में प्लेटफॉर्म टिकट को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है. आगामी 28 अक्तूबर से सात नवंबर तक यह टिकट जारी नहीं की जायेगी. इसका उद्येश्य प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की अनावश्यक भीड़ कम करना है. यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के साथ ही भीड़ नियंत्रण में सहूलियत के लिए रेल प्रशासन द्वारा यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है. साथ ही 27 अक्तूबर से सात नवंबर तक पार्सल की भी बुकिंग बंद रहेगी. इस अवधि में केवल मान्य आरक्षित या सामान्य यात्रा टिकट रखने वाले यात्रियों को ही स्टेशन परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी. रेल प्रशासन के इस निर्णय से स्टेशन परिसर में अनावश्यक भीड़ से राहत मिलेगी. इससे यात्री आवाजाही सुचारू रूप से हो सकेगी. यात्रियों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने में सुविधा होगी. रेलवे कर्मियों एवं सुरक्षा बलों को भीड़ नियंत्रण में सहूलियत होगी, जिससे स्टेशन संचालन व्यवस्थित रहेगा. यात्री सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय आदि का उपयोग नियंत्रित और प्रभावी रूप से हो सकेगा. पर्व के दौरान रेल संचालन में सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी. रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपनी यात्रा की अग्रिम योजना बनाने, स्टेशन परिसर में अनावश्यक रूप से प्रवेश से बचने तथा रेलवे द्वारा जारी सुरक्षा एवं यात्रा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RANJEET THAKUR

RANJEET THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >