बेनीपुर. प्रकाशोत्सव दीपावली के उपलक्ष्य में ग्लोबल पब्लिक स्कूल आशापुर के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को रंगोली उत्सव का आयोजन किया. इसके जरिए सृजनशीलता, कला भावना और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को जागृत करने का सार्थक प्रयास किया गया. इस दौरान आकर्षक रंगोलियां बच्चों ने बनाई. इसमें हरित दिवाली, एकता में विविधता, स्वच्छ भारत, दीप जलाओ, खुशी फैलाओ… सरीखे संदेश प्रमुख थे. कार्यक्रम का उद्घाटन स्कूल के निदेशक पिनाकी शंकर झा ने दीप प्रज्वलित कर किया. मौके पर निदेशक ने छात्रों के उत्साह व रचनात्मकता की सराहना की. कहा कि ऐसे आयोजन न केवल त्योहारों की खुशियां बढ़ाते हैं, बल्कि छात्रों में कलात्मक अभिव्यक्ति व टीम भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं. इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में वर्ग आठ की बरखा सिंधि व सिद्धि, वर्ग सात के सभी छात्राओं को पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. वहीं कक्षा एक से छठी तक की छात्राओं ने बेहतरीन रंगोली बनायी. शिक्षिकाएं पूरे उमंग के साथ बच्चों का पूर्ण सहयोग कर रही थी. कार्यक्रम का समापन विद्यालय गान व धन्यवाद ज्ञापन से किया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
