Darbhanga Road Accident: बहेड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक राजमिस्त्री की मौत हो गई. नारि बांध पुल के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस बेनीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान सोनकी थाना क्षेत्र के छबैला गांव निवासी 34 वर्षीय राजेश यादव के रूप में हुई है.
ससुराल से लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार राजेश यादव शनिवार रात अपनी ससुराल बहेड़ी थाना क्षेत्र के नौडेगा गांव से घर लौट रहे थे. बाइक पर उनके साथ प्रमोद चौपाल भी सवार थे. नारि बांध पुल के समीप किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पीछे बैठे प्रमोद चौपाल को मामूली चोटें आईं.
अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई सांस
स्थानीय लोगों की सूचना पर बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बेनीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. चिकित्सकों ने जांच के बाद राजेश यादव को मृत घोषित कर दिया.
रविवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे राजेश
राजेश यादव पेशे से राजमिस्त्री थे और मजदूरी कर पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे. वह अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे.
उनके परिवार में पत्नी पुनीता देवी, तीन बेटियां और दो बेटे हैं. सभी बच्चे अभी अविवाहित हैं. परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत के बाद घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस कर रही वाहन की तलाश
बहेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान करने और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. आसपास के साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
