Jale Land Dispute: दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के खैरा (वार्ड संख्या सात) में जमीन विवाद को लेकर अपनों के बीच ही खूनी संघर्ष का मामला प्रकाश में आया है. खैरा निवासी जावेद नेहाल ने अपने ही सगे रिश्तेदारों व ग्रामीणों के खिलाफ गाली-गलौज करने, जानलेवा हमला, छिनतई और रंगदारी मांगने के आरोप में जाले थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.
भूमि सर्वे के लिए कोलकाता से आया था पीड़ित परिवार
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, नामजद आरोपितों में रजी इस्लाम मंटू, उनका पुत्र जावेद और पुत्री रजिया शामिल हैं. वादी जावेद नेहाल ने पुलिस को बताया कि वह वर्तमान में चल रहे भूमि सर्वे के काम के सिलसिले में विशेष रूप से कोलकाता से अपने पैतृक गांव आया था. बीते तीन जुलाई को वह अपनी पुत्री रुखसार, बहन अस्मत आरा और निकहत आरा के साथ अपनी पुश्तैनी जमीन का मुआयना करने और देखने के लिए आरोपितों के घर के पास पहुंचा था.
सेल्फी लेने पर भड़के आरोपी, महिला का तोड़ा पैर और छीनी सोने की चेन
आरोप है कि जमीन देखने के दौरान पीड़ित की पुत्री मोबाइल से सेल्फी लेने लगी. इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपित गाली-गलौज करने लगे और मोबाइल छीनने का प्रयास किया. इस आपाधापी में आरोपियों ने लड़की के गले से सोने की चेन भी छीन ली. इसके बाद आरोपित लोहे का रॉड लेकर आए और रजी इस्लाम मंटू व जावेद ने मिलकर उनकी समधन यास्मीन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनका पैर टूट गया.
जमीन छोड़ने के एवज में दो करोड़ की रंगदारी, जांच शुरू
पीड़ित का आरोप है कि हमला करने के बाद आरोपियों ने उनकी जमीन पर नाजायज दावा ठोकते हुए कहा कि यहां उनका कोई हक नहीं है. आरोपियों ने जमीन पर कब्जा छोड़ने के एवज में दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी. थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर (एसआई) शिवजी सिंह को सौंपी गई है.
ये भी पढ़ें: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चाय की दुकान से लोडेड पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार
