दरभंगा के कुशेश्वरस्थान से सुधीर कुमार चौधरी की रिपोर्ट
Darbhanga News: कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साला घायल हो गया. यह दुर्घटना एसएच-56 पर असमा पुल के समीप हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी.
मृतक की पहचान बिषहरिया गांव निवासी हरेराम साह के 23 वर्षीय पुत्र सुधीर कुमार साह के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक की पहचान पूर्वी प्रखंड के भिन्डुआ गांव निवासी अमर कुमार साह के रूप में की गई है.
गांव लौटने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सुधीर कुमार साह अपने साले अमर कुमार साह के साथ बाइक से सोहरबाघाट बाजार से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान कुशेश्वरस्थान होते हुए असमा पुल के निकट पहुंचे तो विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे में सुधीर कुमार साह के सिर में गंभीर चोट आई.
अस्पताल में चिकित्सक ने किया मृत घोषित
स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुशेश्वरस्थान पहुंचाया गया. वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राहुल कुमार ने जांच के बाद सुधीर कुमार साह को मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल अमर कुमार साह का इलाज किया गया. चिकित्सक के अनुसार उसे मामूली चोटें आई हैं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजने की कार्रवाई की. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है.
