Darbhanga News: कुशेश्वरस्थान प्रखंड के प्लस टू नंद किशोर उच्च विद्यालय, सतीघाट में रविवार को सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का शुभारंभ हुआ. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विद्यालय का वर्चुअल उद्घाटन किया. इस पहल से क्षेत्र में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
उद्घाटन के बाद विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. स्थानीय स्तर पर प्रभारी बीईओ रौशन कुमार, प्रधानाध्यापक चंद्रजीत यादव, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि मधुकांत झा 'मिंटू' तथा भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मणिकांत झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की.
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरस्वती विद्या निकेतन योजना के तहत विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण का विकास किया जा रहा है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा.
समारोह में शिक्षक अजय कुमार, रानी कुमारी, रंजीत कुमार, दिनेश कुमार, रामबाबू, गोपाल कृष्ण कुमार, प्रमोद कुमार, कौशल कुमार, महेश कुमार और खुशबू कुमारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
