Darbhanga: महिला सशक्तिकरण के साथ सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक बन गयी है जीविका

विधानसभा चुनाव में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत दरभंगा प्रेक्षागृह में शुक्रवार को उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

दरभंगा. विधानसभा चुनाव में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत दरभंगा प्रेक्षागृह में शुक्रवार को उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम कौशल कुमार ने की. कार्यक्रम में सदर, मनीगाछी और तारडीह प्रखंडों की सैकड़ों जीविका दीदियां शामिल हुई. डीएम ने कहा कि जीविका अब केवल एक संस्था नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक बन चुकी है. मतदाता जागरूकता में जीविका दीदियों की भूमिका को सराहनीय बताया. कहा कि जीविका की सबसे बड़ी ताकत इसकी पहुंच है, जो समाज के हर घर और व्यक्ति तक फैली हुई है.

मतदान का लक्ष्य 80 प्रतिशत तक पहुंचाना है

कहा कि जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में 06 नवंबर को मतदान होना है. मतदान का समय सुबह सात से शाम छह बजे तक निर्धारित है. मतदान दिवस मात्र 14 दिन दूर है. इसलिए आज से ही सभी मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करें और जिला का लक्ष्य 80 प्रतिशत मतदान तक अवश्य पहुंचाएं. जीविका दीदियों सबसे पहले अपना मतदान करेंगी, तत्पश्चात घर-घर घूम कर दूसरे को भी प्रेरित करेगी.

आस्था का महापर्व छठ और लोकतंत्र का महापर्व मतदान

डीएम ने कहा कि आस्था का महापर्व छठ है और लोकतंत्र का महापर्व मतदान है. किसी भी योग्य मतदाता को मतदान से वंचित नहीं रहना चाहिए. जीविका दीदियों से अपील की कि वे छठ पर्व पर घर लौटे प्रवासी मतदाताओं और ऐसे लोगों से विशेष आग्रह करें, कि वे रुक कर मतदान करें. इससे जिले का मतदान प्रतिशत बढ़ाया जा सकेगा. ग्राम संगठनों द्वारा तैयार की गई लाइन लिस्टिंग के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाता जागरूकता फैलाने का भी निर्देश दिया. डीएम ने कहा कि सभी जीविका दीदियां सुनियोजित रणनीति के तहत मतदाता जागरूकता को जन आंदोलन का रूप दें, ताकि अधिकतम नागरिक मतदान के लिए प्रेरित हों और लोकतंत्र की शक्ति को सशक्त बना सकें.

अपने संवैधानिक अधिकार को कर्तव्य में बदलें

सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सत्येन्द्र प्रसाद ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम अपने संवैधानिक अधिकार को कर्तव्य में बदलें. लोकतंत्र की सच्ची भावना तभी साकार होगी, जब हर नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. प्रत्येक मतदाता को चाहिए कि वे मतदान के दिन अपने-अपने बूथ पर पहुंचकर मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें.

सभी जीविका समूह को अपने-अपने क्षेत्र में निभायें सक्रिय भूमिका

जीविका डीपीएम डॉ ऋचा गार्गी ने कहा कि प्रत्येक जीविका समूह को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए घर-घर जाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करना है. इससे जिले के मतदान प्रतिशत में अभूतपूर्व वृद्धि हो सकेगी. कार्यक्रम के दौरान कई जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए. मंजू देवी ने कहा कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को यह संदेश दे रही हैं कि मतदान समानता और सशक्त लोकतंत्र की कुंजी है. दीदियों ने शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का संकल्प लिया. इस दौरान उन्हें मतदान को लेकर शपथ भी दिलायी गयी. मौके पर संचार प्रबंधक राजा सागर, विषयगत प्रबंधक तथा तीनों प्रखंडों कं जीविका कर्मी एवं सैकड़ों जीविका दीदिया उपस्थित रही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANJEET THAKUR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >